- Advertisement -
मंडी: जिला मंडी के उपमंडल सुंदरनगर के ग्राम पंचायत जयदेवी से स्यांजी जाने वाली सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क पर सुरक्षा दीवार न होने के कारण वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं। सड़क के एक किनारे गहरी खाई है तो दूसरी ओर पहाड़। सड़क के संकीर्ण होने के कारण वाहन चालकों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि इसके बावजूद भी लोक निर्माण विभाग द्वारा और निगम प्रशासन सड़क किनारे सुरक्षा दीवार बनाने में रुचि नहीं दिखा रही है। स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार से सड़क के किनारे जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार लगाने का आग्रह किया है।
शक्ति युवक मंडल जयदेवी का कहना है कि बहुत से लोग आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क पर सुरक्षा दीवार न होने के कारण बड़े व छोटे वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या के बारे में मुख्य अभियंता को भी पत्र भेजकर यहां नियमानुसार जांच करवाने को कहा जाएगा। बता दें कि पहले भी इसी स्थान पर बहुत हादसे होते आए हैं। बीते वीरवार को कार व मोटरसाइकिल की भिड़ंत हुई थी। हादसे में एक युवक सड़क किनारे नीचे खाई में जा गिरा।
- Advertisement -