- Advertisement

रामपुर में भारी भूस्खलन से NH-5 ठप, किन्नौर का संपर्क कटा- वाहनों की लगी लंबी कतारें
Himachal Landslide: शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। ज्यूरी के पास नेशनल हाईवे-5 (NH-5) पर भीषण भूस्खलन होने के कारण किन्नौर जिले का राजधानी शिमला और देश के अन्य हिस्सों से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे सैकड़ों यात्री बेहद परेशान हैं।
गाड़ियों में बीती रात, पहाड़ी से गिर रहे लगातार पत्थर
रविवार रात से बंद पड़े इस मार्ग के कारण भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। जाम में फंसे दर्जनों चालकों व यात्रियों को पूरी रात अपनी गाड़ियों में बैठकर ही बितानी पड़ी। ज्यूरी के पास पहाड़ी से रह-रहकर मलबा और भारी पत्थर गिर रहे हैं, जिससे मार्ग बहाली के काम में गंभीर बाधा आ रही है।
अधिशासी अभियंता के अनुसार मार्ग बहाली के लिए मौके पर भारी मशीनरी तैनात कर दी गई है। जैसे ही पहाड़ी से पत्थरों का गिरना थमता है, सड़क को सुचारू करने का काम तेज़ी से पूरा किया जाएगा।
प्रशासन की अपील: मौसम की स्थिति देखकर ही करें यात्रा
स्थिति को देखते हुए रामपुर के एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।उन्होंने कहा कि भारी बारिश और भूस्खलन की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए लोग अनावश्यक यात्रा से बचें। सड़क पूरी तरह बहाल होने और मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा शुरू करें। साथ ही 15/20 क्षेत्र के ग्रामीणों से भी बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने का आग्रह किया गया है।
संजू चौधरी

