-
Advertisement
चलती बस पर गिरी पहाड़ी, सुजानपुर-पालमपुर मार्ग पर ब्यास पुल के पास हादसा, चालक घायल
landslide on Bus: सुजानपुर-पालमपुर मार्ग पर ब्यास नदी पुल के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह सुजानपुर से पालमपुर जा रही एक निजी बस के ऊपर अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा और पत्थरों का ल्हासा आ गिरा। इस हादसे में बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, खिड़कियों के शीशे टूट गए और चालक को चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बस में चालक और परिचालक के अलावा कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से बचाव हो गया। घटना में बस चालक घायल हुआ है, जबकि परिचालक पूरी तरह सुरक्षित है।
अचानक मलबा गिरने से थमी गाड़ियों की रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही सुजानपुर ब्यास पुल के समीप पहुंची, बिना किसी चेतावनी के पहाड़ी से एक विशाल ल्हासा सीधे बस पर आ गिरा। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत मौके का निरीक्षण करने, पहाड़ी के संवेदनशील हिस्सों का जायजा लेने और भविष्य में हादसों को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा उपाय (जैसे रॉक-बोल्टिंग या बैरियर) करने की मांग की है।सुजानपुर पुलिस थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के समय बस में केवल चालक और परिचालक ही मौजूद थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मार्ग पर यातायात सामान्य करने के प्रयास किए गए हैं।
अशोक राणा
