-
Advertisement
LPU बवाल:10 दिन के लिए क्लासेस सस्पेंड,5 संदिग्ध हथियार समेत गिरफ़्तार-CM मान ने दिए जांच के आदेश
LPU Protest: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा से दुष्कर्म किए जाने के दावों और सोशल मीडिया पर फैली खबरों के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के विरोध में विद्यार्थियों ने भारी प्रदर्शन किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उपद्रव और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। आक्रोशित छात्रों ने जालंधर-फागवाड़ा नेशनल हाईवे को करीब 20 घंटों तक पूरी तरह से जाम रखा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात ठप रहा।
स्थिति नियंत्रण में, 10 दिनों के लिए क्लासेस सस्पेंड
पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के बाद अब यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के इलाकों में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। बढ़ते तनाव और छात्रों के उग्र रुख को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लासेस को सस्पेंड कर दिया है। कक्षाएं स्थगित होने के बाद छात्र अपने-अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। स्थिति को देखते हुए चिंतित माता-पिता खुद बच्चों को लेने के लिए कैंपस पहुंचे। यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर अपना सामान लिए परिजनों के साथ घर लौटते छात्रों की भारी भीड़ देखी गई।
5 संदिग्ध हिरासत में, घातक हथियार और वॉकी-टॉकी बरामद
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बाहरी युवकों को गिरफ्तार किया है। 27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर ने बताया, “हमने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक दरांती (हंसिया जैसा हथियार) और एक वॉकी-टॉकी बरामद हुई है। उन्हें हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वे कहां के रहने वाले हैं और यूनिवर्सिटी के पास किस मकसद से आए थे।”
सीएम भगवंत मान का सख्त रुख, DGP को दिए ग्राउंड पर जाने के निर्देश
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस पूरे घटनाक्रम और नेशनल हाईवे जाम किए जाने का संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। सीएम ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने और अपराध में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही CM ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को तुरंत मौके पर पहुंचकर ग्राउंड जीरो से स्थिति का जायजा लेने और छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुनने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस कमिश्नर की अपील: ‘स्थिति पूरी तरह काबू में, पैनिक न करें’
पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि यूनिवर्सिटी को एहतियातन चारों तरफ से सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और सभी छात्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने पेरेंट्स से अपील करते हुए कहा कि स्थिति अब पूरी तरह अंडर कंट्रोल है, इसलिए किसी भी प्रकार से पैनिक न हों और अफवाहों पर ध्यान न दें।
यूनिवर्सिटी प्रशासन का दावा: ‘रेप की खबर महज एक अफवाह’
दूसरी ओर, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दुष्कर्म के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया पर जो भी बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह फेक और बेबुनियाद हैं। यूनिवर्सिटी को बदनाम करने की नीयत से यह अफवाह फैलाई गई है।प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से शांति बनाए रखने, किसी भी उपद्रवी संगठन के बहकावे में न आने और सुरक्षा के लिहाज से अपने-अपने हॉस्टल के कमरों में ही रहने की अपील की है।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
