-
Advertisement
CBI की बड़ी कार्रवाई: सोलन के कारोबारी से 5 लाख की रिश्वत मांगने वाले Income Tax Officer पर FIR दर्ज
Himachal News: आयकर विभाग के शिमला स्थित दफ्तर में तैनात इनकम टैक्स ऑफिसर वरुण खारी के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप में FIR दर्ज की है। आरोपी अधिकारी पर सोलन जिले के अर्की (मांगू) क्षेत्र के कारोबारी लाभचंद से 17.94 लाख रुपए की आयकर देनदारी निपटाने के एवज में 5 लाख रुपए की घूस मांगने का आरोप है। मामला दर्ज होने के बाद सीबीआई आरोपी अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है, हालांकि वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
नोटिस और पेनल्टी का पूरा मामला
शिकायत के अनुसार, आयकर अधिकारी वरुण खारी ने 7 अगस्त को कारोबारी लाभचंद को वर्ष 2017 के लिए ₹8,97,160 और वर्ष 2018 के लिए ₹6,010 की पेनल्टी का रिकवरी नोटिस भेजा था। कारोबारी ने अपने टैक्स कंसल्टेंट के जरिए पोर्टल पर आपत्ति दर्ज कराई और 8 सितंबर को संबंधित दस्तावेजों के साथ अधिकारी से मुलाकात की।आरोप है कि इस मुलाकात के दौरान अधिकारी ने पेनल्टी के साथ-साथ ₹8,97,100 का ब्याज जोड़कर कुल देनदारी लगभग ₹17.94 लाख बता दी और इसे कम करने का दबाव बनाते हुए ₹5 लाख की रिश्वत की मांग की।
डिजिटल रिकॉर्डिंग से बेनकाब हुआ अधिकारी
कारोबारी लाभचंद ने अधिकारी के साथ हुई इस बातचीत को अपने डिजिटल रिकॉर्डर में रिकॉर्ड कर लिया:
रिश्वत का सौदा: शुरुआती बातचीत में ₹4 लाख की मांग की गई, जो बाद में ₹5 लाख तय हुई।
भुगतान की शर्त: ₹3 लाख तुरंत और बाकी ₹2 लाख एक सप्ताह के भीतर देने की सहमति बनी, जिसकी पहली किश्त उसी शाम 7 बजे तक देनी थी।
CBI ने दर्ज की FIR
कारोबारी ने रिश्वत देने के बजाय मामले की शिकायत सीबीआई से कर दी। सीबीआई ने डिजिटल साक्ष्यों की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी आयकर अधिकारी वरुण खारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पंकज शर्मा
