- Advertisement

HPBOSE का बड़ा फैसला: मैट्रिक और जमा दो के 376 अभ्यर्थियों को मिला कम्पार्टमेंट परीक्षा का विशेष मौका
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा मार्च-2026 में आयोजित मैट्रिक एवं जमा दो वार्षिक परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः जाँच के परिणाम घोषित किए जाने के उपरांत 222 मैट्रिक एवं 154 जमा दो अभ्यर्थियों को सितंबर-2026 में आयोजित होने वाली कम्पार्टमेंट एवं आवश्यक सुधार (Essential Improvement) परीक्षा में सम्मिलित होने का विशेष अवसर प्रदान किया गया है। यह परीक्षा राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) की सितंबर-2026 परीक्षा के साथ आयोजित की जाएगी।
परीक्षा शुल्क ₹700 निर्धारित किया गया है
उन्होंने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 03 अगस्त, 2026 से प्रारम्भ होगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अभ्यर्थी 06 अगस्त, 2026 तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे, जबकि 10 अगस्त, 2026 तक ₹1000 विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मैट्रिक कम्पार्टमेंट, मैट्रिक आवश्यक सुधार (Essential Improvement) तथा जमा दो कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क ₹700 निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करें
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि यह विशेष अवसर उन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो पुनर्मूल्यांकन अथवा पुनः जाँच के परिणामों के उपरांत कम्पार्टमेंट अथवा आवश्यक सुधार श्रेणी में आए हैं। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित विद्यालयों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संस्थाध्यक्षों से भी अनुरोध किया कि वे पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करवाते हुए समय पर उनके ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य परीक्षा में प्राप्त आंतरिक मूल्यांकन एवं प्रायोगिक परीक्षा के अंक, जहाँ लागू होंगे, पूर्ववत मान्य रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अपूर्ण आवेदन अथवा निर्धारित प्रक्रिया के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों के संरक्षण एवं उन्हें अधिकतम अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पात्र विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने शैक्षणिक भविष्य को नई दिशा प्रदान करेंगे।
अमित महाजन

