-
Advertisement
नगर निगम चुनाव नतीजों पर बोले मंत्री विक्रमादित्य : ‘हार का करेंगे आत्ममंथन, संगठन को करेंगे मजबूत’
Vikramaditya Singh: हिमाचल प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए नगर निगम और जिला परिषद चुनावों के नतीजों ने सत्तारूढ़ कांग्रेस की चिंताएं बढ़ा दी हैं। राज्य के चार में से तीन नगर निगमों में BJP ने शानदार जीत दर्ज की है, जबकि जिला परिषद चुनावों में भी बीजेपी को बढ़त मिली है। इन चुनावी नतीजों पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी इस हार से निराश होने के बजाय इसका बारीकी से आत्ममंथन करेगी।
हार के कारणों की होगी समीक्षा
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने स्वीकार किया कि तीन नगर निगमों में कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर इस हार के कारणों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। भविष्य की रणनीति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अब पार्टी का मुख्य फोकस संगठन को और अधिक मजबूत करने पर रहेगा। कांग्रेस की नई बॉडी के साथ सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए, सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा।
पंचायत चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन रहा बेहतर
नगर निगम में हार के बावजूद, विक्रमादित्य सिंह ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को संतोषजनक बताया।उन्होंने विशेष रूप से पालमपुर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा है।प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को जनता का भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिला है।
स्थानीय चुनावों में मायने रखते हैं सामाजिक रिश्ते
स्थानीय चुनावों की प्रकृति को समझाते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनावों में उम्मीदवार का व्यक्तिगत व्यवहार, स्थानीय रिश्तेदारियां और सामाजिक जुड़ाव जीत-हार में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में पंचायत प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया, जिसके कारण इन चुनावों का स्थानीय स्तर पर विशेष महत्व होता है।
जनता का फैसला सर्वोपरि
विक्रमादित्य सिंह ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करने वाले सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि लोकतंत्र में हमेशा जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है। वहीं, चुनावों में भारी जीत और बढ़त को लेकर बीजेपी नेताओं द्वारा किए जा रहे दावों पर कहा कि जमीनी हकीकत और राजनीतिक स्थिति बहुत जल्द सबके सामने स्पष्ट हो जाएगी।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

