- Advertisement -
शिमला। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Indian National Congress) की स्थापना के 136 साल पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय राजीवन भवन शिमला में भी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर (Kuldeep Singh Rathore) की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टीजनों से देश की एकता और अखंडता के लिए साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया है। लेकिन हैरानी इस बात की है कि इस अवसर पर एक भी कांग्रेस विधायक (Congress MLA) स्थापना दिवस मनाने के लिए नहीं पहुंचा। स्थापना दिवस के इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पार्टी का ध्वज फहराया और सेवा दल ने सलामी दी। इस मौके पर अधिकतर पीसीसी सदस्य भी नदारद रहे। पार्टी मुख्यालय में बमुश्किल 150 लोग ही स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। बता दें कि शिमला में कांग्रेस के 5 विधायक हैं। इस कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर (MLA Rohit Thakur), अनिरूद्ध सिंह, नंद लाल, मोहन लाल ब्राक्टा (Mohan Lal Brakta) और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह (MLA Vikramaditya Singh) में से एक भी नजर नहीं आए। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस का गौरवमयी इतिहास रहा है। अस्तित्व में आने के बाद कांग्रेस ने देश की आजादी और आजादी के बाद देश के नवनिर्माण में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ये सफर संघर्षपूर्ण रहा है। कांग्रेस के नेताओं ने देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान दिए हैं, जिसे जनता भूल नहीं सकती। राठौर ने कहा कि कांग्रेस का एक लंबा इतिहास है। उन्होंने कहा कि आज सत्ता में बेठी मोदी सरकार इस इतिहास से छेड़छाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टीजनों को एकजुट होकर सरकार के जन विरोधी निर्णयों व नीतियों के खिलाफ एकसाथ खड़े होना है।
उन्होंने कहा कि आज देश के सामने बड़ी चुनौती है। सत्ता में एक ऐसी पार्टी बैठी है जो देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है। लोगों को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाए रखना आज सबसे बड़ा प्रश्न है और कांग्रेस पार्टी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्हवन कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता हर बलिदान के लिए तैयार हैं। राठौर ने कांग्रेस सेवा दल के 98वें स्थापना दिवस पर बधाई भी दी। इसके बाद पार्टी कार्यालय में एक बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस की नीतियों और भविष्य की कार्य योजना पर मंत्रणा हुई।
- Advertisement -