-
Advertisement
बंदर का कारनामा: शख्स की जेब से के 81,800 रुपये लेकर पेड़ पर चढ़ा, हवा में उड़ाई मेहनत की कमाई
Shimla News: राजधानी शिमला के अति-संवेदनशील और व्यस्त माने जाने वाले डीसी आफिस परिसर में एक बंदर ने उस समय हड़कंप मचा दिया, जब वह एक व्यक्ति की जेब से 81,800 रुपये की नकदी का पैकेट छीनकर पेड़ पर जा चढ़ा। इसके बाद पेड़ पर बैठे बंदर ने हवा में नोटों की बारिश शुरू कर दी, जिसे देख मौके पर मौजूद हर शख्स हैरान रह गया।
बैंक में जमा करवाने जा रहा था नकदी
जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति बैंक में जमा करवाने के लिए 81,800 रुपये का पैकेट अपनी जेब में रखकर डीसी ऑफिस परिसर से गुजर रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे एक बंदर ने झपट्टा मारा और पलक झपकते ही व्यक्ति की जेब से रुपयों का पैकेट निकालकर पास के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया।
पेड़ पर बैठकर लुटाए नोट, लोगों ने समेटी रकम
पेड़ की ऊंची टहनी पर बैठने के बाद बंदर ने पैकेट फाड़ दिया और एक-एक कर नोट निकालकर नीचे फेंकना शुरू कर दिया। हवा में उड़ते और जमीन पर गिरते हजारों रुपयों को देख पीड़ित के होश उड़ गए और परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को देख कार्यालय के कर्मचारी और वहां मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। सभी ने मिलकर पेड़ के नीचे बिखरे नोटों को समेटना शुरू किया।
1,500 रुपये गायब, कई नोट फाड़े
कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने पेड़ के आसपास से ज्यादातर नकदी इकट्ठा कर पीड़ित को सौंप दी। हालांकि, पीड़ित व्यक्ति के मुताबिक नोटों की गिनती करने पर करीब 1,500 रुपये कम पाए गए, जिनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके अलावा बंदर ने 500-500 रुपये के कई नोटों को अपने दांतों और पंजों से फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
राजधानी के प्रमुख प्रशासनिक केंद्र डीसी ऑफिस परिसर में हुई इस घटना ने एक बार फिर शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक को उजागर कर दिया है। रोजमर्रा के कामों से सरकारी दफ्तरों में आने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण बंदरों का उत्पात बढ़ता जा रहा है, जो अब सीधे आम आदमी की मेहनत की कमाई पर भारी पड़ने लगा है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
