-
Advertisement
हिमाचल में कल से रफ्तार पकड़ेगा मानसून, भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
शिमला। हिमाचल में समय से पहले मानसून (Monsoon) आया, लेकिन काफी कमजोर रहा। जिससे प्रदेश में सूखे जैसी स्थित उत्पन्न हो गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद प्रदेश में भारी बारिश नहीं हो रही है। लंबे समय से सूखे से बेहाल लोग बारिश (Rain) के लिए इंद्रदेव से प्रार्थना कर रहे हैं। बरसात के मौसम में भी फसलें सूखने लगी हैं। कई इलाकों में पानी की कमी हो गई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में रविवार 11 जुलाई से मानसून से रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) ने मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में रविवार और सोमवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट (Orange alert) जारी किया है। 16 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। बता दें, बीते कई दिनों से विभाग की ओर से मौसम को लेकर जारी अलर्ट व पूर्वानुमान फेल ही साबित हुए हैं। हालांकि, शुक्रवार रात को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल बरसे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल तीन दिन बारिश, अंधड़ का येलो अलर्ट, जाने कब तक सताएगा मौसम
राजधानी शिमला (Shimla) में शनिवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की धूप खिली। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम (Weather) मिलाजुला बना रहा। हालांकि शनिवार को किसी भी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 39.6, भुंतर में 35.0, बिलासपुर में 34.5, हमीरपुर में 33.2, सुंदरनगर में 32.7, कांगड़ा में 32.4, चंबा में 30.3, सोलन में 30.7, धर्मशाला-नाहन में 29.2, कल्पा में 26.4, केलांग में 26.2, शिमला में 25.4 और डलहौजी में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बारिश के लिए इंद्रदेव को खुश करने में लगे लोग
हिमाचल में बरसात के मौसम में भी फसलें सूखने से लोग अब इंद्रदेव को खुश करने में लगे हैं। राजधानी शिमला (Shimla) के ग्रामीण इलाकों में इंद्रदेव को खुश करने के लिए आज भी साधटू नृत्य की परंपरा कायम है। कई दिन से बारिश ना होने से परेशान पीरन गांव के युवाओं ने शुक्रवार रात गांव में घूमकर साधटू नृत्य किया। माना जाता है कि इंद्र देव साधटू के नृत्य से खुश होकर बारिश करते हैं। गांव के युवाओं ने साधटू का वेश धारण कर देर रात घर-घर जाकर नृत्य किया। लोग बारिश की प्रार्थना के लिए साधुओं पर पानी डालते हैं और उन्हें भिक्षा भी देते हैं। बताया कि भिक्षा में जो अन्न आदि मिलता है उसे सुबह ठौड़ माता के मंदिर में अर्पित किया जाता है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

