- Advertisement -
सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में आज बीजेपी का त्रिदेव सम्मेलन (Tridev Sammelan) आयोजित किया गया। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar) ने कहा कि माहौल बीजेपी के पक्ष में है और हम फिर से हिमाचल में सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जन और कार्यकर्ता समर्थन बीजेपी के साथ है और इसका असर जमीन पर देखा जा सकता है।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने आम जनता के लिए कई योजनाएं बनाई हैं और हिमाचल में जयराम सरकार (Jairam Government) ने पिछले साढ़े चार साल में सभी योजनाओं को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और जयराम सरकार ने प्रदेश में बहुत अच्छा काम किया है।
उन्होंने कहा कि त्रिदेव बूथ स्तर पर बीजेपी की संगठनात्मक रचना है।
मंत्री तोमर ने कहा कि हमारी सरकारों ने हमारे किसानों को विभिन्न कृषि सुधार योजनाएं दी हैं, किसान सम्मान निधि इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमने कृषि क्षेत्र को ऐसी तकनीक दी है, जिससे आम किसान को फायदा हो रहा है। तोमर ने कहा कि हमारी सरकारों ने भारत में किसानों के लिए 16 लाख करोड़ से अधिक का आवंटन किया है। अगर आप सर्वेक्षण करते हैं तो किसान की आय दोगुनी से अधिक बढ़ गई है।
वहीं, प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने फिर से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा की कांग्रेस के नेता बोलते हैं कि जब वो सत्ता में आएंगे तो जयराम सरकार की स्कीमों को खत्म कर देंगे।उन्होंने कहा कि त्रिदेव का सबसे बड़ा काम यही है कि पार्टी को कैसे आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि त्रिदेव पर ये जिम्मेदारी है कि अपनी पार्टी का कोई मेंबर टूटना नहीं चाहिए।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि हमारे त्रिदेव हमारी पार्टी के ब्रह्मा, विष्णु और महेश हैं। वे हमारी पार्टी के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमारे त्रिदेव बीजेपी की सभी योजनाओं को बूथ स्तर पर क्रियान्वित करते हैं। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी सत्ता में आती है तो जनता योजनाओं की बात करती है, लेकिन जब कांग्रेस सत्ता में आती है तो जनता केवल घोटालों की बात करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घोटालों की पार्टी है, लोगों का उन पर से पूरा विश्वास उठ गया है।
- Advertisement -