-
Advertisement
कीरतपुर फोरलेन पर हादसा: कैंची मोड़ टनल के पास लकड़ियों से भरा ट्रक पलटा, दो थे सवार
Bilaspur Accident: कीरतपुर फोरलेन पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। कैंची मोड़ टनल के दूसरी ओर मेहला नामक स्थान के समीप लकड़ियों से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा इतना खौफनाक था कि ट्रक के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। इस भीषण दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें एम्स बिलासपुर (AIIMS) भेजा गया है।
रात 2 बजे हुआ हादसा, फोरलेन पर बिखरी लकड़ियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 2:00 बजे की है। ट्रक भारी मात्रा में लकड़ियों से भरा हुआ था। कैंची मोड़ टनल पार करने के बाद मेहला के पास चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप ट्रक सड़क के बीचों-बीच पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक में लदी लकड़ियां पूरे फोरलेन पर बिखर गईं, जिससे रात के समय इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।
प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल किया यातायात
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सड़क पर लकड़ियों का अंबार लगा होने के कारण यातायात को सुचारू करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और सड़क पर बिखरी लकड़ियों को किनारे हटाया, जिसके बाद फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही दोबारा बहाल हो सकी।
पंजाब के रहने वाले हैं दोनों घायल
इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची सीएचसी स्वारघाट की 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सीधे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।घायलों की पहचान बलजीत सिंह (36 वर्ष) और जसा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों घायल पंजाब के जिला रोपड़ स्थित आनंदपुर साहिब के गांव लोदीपुर के निवासी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इनमें से एक व्यक्ति इस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का चालक है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर यह हादसा किन कारणों से पेश आया।
सुभाष चंदेल

