-
Advertisement
एकलव्य विद्यालय चयन परीक्षा 15 को-761 विद्यार्थी आजमाएंगे भाग्य, सभी तैयारियां पूरी
EMRSST-2027: जनजातीय क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली ‘एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा’ (EMRSST)-2027 के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रवेश परीक्षा 15 नवंबर, 2026 (रविवार) को प्रदेश भर में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 761 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड द्वारा प्रदेश के चार प्रमुख जिलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके तहत चंबा जिले में होली, भरमौर और किलाड़ (पांगी), कांगड़ा जिले में दाड़ी, किन्नौर जिले में निचार, पूह और रिकांग पिओ तथा लाहौल-स्पीति जिले में कुकुमसेरी, काजा और केलांग को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
डाक के माध्यम से एडमिट कार्ड नहीं भेजे जाएंगे
परीक्षा में बैठने वाले सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 5 नवंबर, 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (www.hpbose.org) पर अपलोड कर दिए जाएंगे। परीक्षार्थी वेबसाइट पर जाकर अपनी आवेदन संख्या (Application Number) और जन्मतिथि दर्ज कर आसानी से अपना रोल नंबर स्लिप डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक के माध्यम से अलग से एडमिट कार्ड नहीं भेजे जाएंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम समय की किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उस पर अंकित परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र या रोल नंबर से जुड़ी कोई भी समस्या या जानकारी प्राप्त करनी हो, तो वे किसी भी कार्यदिवस पर बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या दूरभाष नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं
राहुल कुमार
