-
Advertisement
किन्नौर में बादल फटने से फ्लैश फ्लड, शिमला में बरसे बादल; पर मानसून की देरी ने बढ़ाई चिंता
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियों के बीच मौसम के कई रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां जनजातीय जिले किन्नौर में बादल फटने से अफरा-तफरी मच गई, वहीं राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में अचानक मौसम बदलने से झमाझम बारिश शुरू हो गई है। हालांकि, इन सबके बीच राज्य में मानसून की सुस्त रफ्तार ने किसानों, बागवानों और मौसम वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है।
किन्नौर के निचार में फटा बादल, काचरंग नाले में आई बाढ़
आज सुबह तड़के करीब चार बजे किन्नौर जिला के निचार में अचानक बादल फटने के बाद भारी बारिश हुई। इसके तुरंत बाद काचरंग नाला में तेज मलबे के साथ फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) आ गया।डीसी किन्नौर, अमित शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से ग्रामीणों का संपर्क मार्ग (रास्ता) जरूर बह गया है, जिसे बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिमला में अचानक बदला मिजाज, दोपहर तक कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
राजधानी शिमला में आज सुबह 10:30 बजे तक मौसम बिल्कुल साफ था और हल्की धूप खिली हुई थी। मगर ठीक 11 बजे अचानक आसमान में काले बादल घिर आए और तेज बारिश शुरू हो गई।मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी कर दोपहर 3 बजे तक शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, कुल्लू और मंडी जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान चलने की चेतावनी भी दी गई है।
मानसून की एंट्री में होगी भारी देरी, 25% कम बरसे बादल
प्रदेश में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 22 जून होती है, जो बीत चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह के दौरान भी हिमाचल में मानसून पहुंचने के आसार बेहद कम हैं। ऐसे में इस बार मानसून की दस्तक में काफी देरी हो सकती है। सोलन जिले को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में इस बार मानसून-पूर्व की बारिश सामान्य से कम रही है। ताबीते दिनों मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया था, लेकिन धरातल पर इसका ज्यादा असर नहीं दिखा। कई क्षेत्रों में दिनभर चटक धूप खिली रही, जिसके चलते प्रदेश के तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल मौसम विभाग ने 28 जून तक के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 25 और 28 जून को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बारिश का अनुमान है।
अमित नेगी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

