-
Advertisement
शिमला के रोहड़ू में भारी भूस्खलन: सुंदरू खड्ड में गिरा मलबा, जांगलिख गांव का पैदल मार्ग बंद
Himachal landslide: हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज के बीच प्राकृतिक आपदा और ठंड का प्रकोप एक साथ देखने को मिल रहा है। शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल से पहाड़ गिरने का एक खौफनाक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, राज्य भर में हो रही बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे प्रदेश में समय से पहले ही ठिठुरन बढ़ गई है।
रोहड़ू में डरावना भूस्खलन, खड्ड का बहाव और गांव का रास्ता हुआ बंद
वायरल वीडियो रोहड़ू के छोहारा ब्लॉक स्थित जंगलिख पुल के पास का बताया जा रहा है। सुबह के वक्त अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर नीचे आ गिरा। मलबे के भारी मात्रा में गिरने से जांगलिख गांव को जोड़ने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इसके अलावा, सुंदरू खड्ड में मलबा गिरने से पानी का प्राकृतिक प्रवाह भी कुछ समय के लिए बाधित हो गया, जिससे आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।
शिमला में रोहड़ू के छोहारा के जांगलिख क्षेत्र में तागनू-जांगलिख पुल के समीप भारी भूस्खलन हुआ, जिससे भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सुंदरू खड्ड में आ गिरीं।इस भूस्खलन के कारण जांगलिख गांव को जोड़ने वाला पैदल मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। #landslide #Janglikh #Chhohara pic.twitter.com/iJBnmRr9v1
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) September 28, 2026
मौसम विभाग का यलो अलर्ट: बारिश और बर्फबारी का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में गरज के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात (बर्फबारी) हो सकता है।इसके अलावा, सोलन, शिमला और बिलासपुर में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि मंडी और कुल्लू के कुछ हिस्सों में भी बौछारें पड़ने के आसार हैं।
तापमान में भारी गिरावट ,बर्फबारी का दौर
बीते 48 घंटों से जारी बारिश और ऊंची पहाड़ियों पर हो रहे हिमपात से पूरा हिमाचल प्रदेश शीत लहर की चपेट में आ गया है। राज्य का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9°C नीचे चला गया है, जिससे सुबह, शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर पिछले 24 घंटों के दौरान भी हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम के अचानक बिगड़ने से बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अनु गुप्ता
