-
Advertisement
Panchayat Elections : 126 को बिना चुनाव लड़े मिल सकती है प्रधान की कुर्सी,प्रदेशभर में सियासी माहौल
Panchayat Elections : हिमाचल में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुल 3,754 पंचायतों में प्रधान पद के लिए 15,518 और उपप्रधान पद के लिए 15,347 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए हैं। इनमें से 126 पंचायत प्रधान और 156 उपप्रधान का निर्विरोध चुना जाना तय है। इन पदों पर एक-एक ही पर्चा दाखिल हुआ है। प्रदेशभर में 36,886 लोगों ने वार्ड सदस्य बनने के लिए नामांकन दाखिल किए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। इस सबके बीच कई पंचायतों में निर्विरोध चुनाव की संभावना बनी हुई है।
156 का निर्विरोध उपप्रधान चुना जाना तय
अधिकारिक जानकारी के मुताबिक प्रधान पद के लिए 126 पंचायतों में केवल एक.एक नामांकन पत्र जमा हुआ है, जबकि उपप्रधान पद के लिए 156 पंचायतों में एक-एक आवेदन आए हैं। अगर पर्चे सही पाए जाते हैं तो नामांकन वापसी के दिन पंचायतों के इन पदों के लिए उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित किया जाएगा। कई पंचायतों में आपसी सहमति बनाने और निर्विरोध चुनाव करवाने के प्रयास चल रहे हैं। 14 और 15 मई को नामांकन पत्रों वापस लेने की अंतिम तिथि है। इसी दिन उम्मीदवारों चुनाव चिह्न भी आवंटित किए जाने है। प्रदेश में 79,676 लोगों ने जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत प्रधान उपप्रधान और पंचायत सदस्यों के लिए नामांकन किए हैं। नामांकन का यह आंकड़ा 80 हजार के आसपास रहेगा। कई जगहों के आंकड़े अभी आने हैं।
नहीं रुकेंगे समयबद्ध परियोजनाओं के कार्य
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के दौरान भी प्रदेश के टाइम बाउंड विकास प्रोजेक्ट प्रभावित नहीं होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों और विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि समयबद्ध परियोजनाओं, जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों तथा पहले से स्वीकृत योजनाओं को नियमानुसार मंजूरी दी जाए, ताकि विकास कार्यों की रफ्तार बनी रहे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद ऐसे कार्य, जिनकी समय सीमा तय है और जिनमें देरी से सरकारी नुकसान या जनहित प्रभावित हो सकता है, उन्हें रोका नहीं जाएगा।
-पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

