-
Advertisement
सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा INDIA ब्लॉक,CJI से मुलाकात की मांग खारिज, 6 मेट्रो स्टेशन बंद
INDIA Bloc March: वोट चोरी के गंभीर आरोपों और चुनावी सुधारों की मांग को लेकर आज कांग्रेस सहित INDIA ब्लॉक की तमाम विपक्षी पार्टियां दिल्ली में सड़कों पर उतर आई हैं। विपक्ष के इस प्रदर्शन को ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया गया है। विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे और वहां से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करेंगे।नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से मिलकर ज्ञापन सौंपने का समय मांगा था। हालांकि, CJI ने यह कहते हुए मिलने से इनकार कर दिया कि इस तरह के मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। इसके बाद कांग्रेस ने कहा कि वे CJI के फैसले का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन उनका मार्च तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।
विपक्ष की मुख्य मांगें:
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा।
SIR पर रोक।
ईवीएम (EVM) की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग।
10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उनके साथ हुई मारपीट का कड़ा विरोध।
सुरक्षा और मेट्रो सेवा प्रभावित: इस हाई-प्रोफाइल विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जनपथ और मंडी हाउस सहित दिल्ली के 6 प्रमुख मेट्रो स्टेशन सुरक्षा कारणों से बंद कर दिए गए हैं।
पहले भी हुआ था मार्च: इससे पहले शुक्रवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला था और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े गंभीर मुद्दों पर अपनी चिंताएं साझा की थीं।
पंकज शर्मा
