-
Advertisement
हिमाचल नहीं, कंगना खुद धरती पर बोझ हैं, तुरंत दें इस्तीफा- कंगना के बयान पर नेगी का तीखा पलटवार
Kangana Ranaut VS Jagat Singh Negi: मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रणौत द्वारा हिमाचल की राज्य सरकार को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासत गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने कंगना पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्हें “धरती पर बोझ” करार दे दिया। नेगी ने सवाल उठाया कि यदि हिमाचल प्रदेश कंगना के लिए बोझ है, तो वह यहां से सांसद क्यों बनी हुई हैं? उन्होंने मांग की कि कंगना को नैतिकता के आधार पर अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए, साथ ही दावा किया कि मंडी की जनता अब उन्हें चुनकर पछता रही है।
कंगना धरती पर बोझ, आलाकमान के इशारे पर दे रहीं बयान
कैबिनेट मंत्री नेगी ने मंडी सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कंगना रणौत को लगता है कि हिमाचल प्रदेश बोझ है, तो उनका संसद में बने रहने का कोई औचित्य नहीं बनता। उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। नेगी ने तंज कसते हुए कहा कि दरअसल धरती पर बोझ हिमाचल नहीं, बल्कि स्वयं कंगना रणौत हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि कंगना इस तरह की बयानबाज़ी खुद नहीं कर रही हैं, बल्कि इसके पीछे बीजेपी आलाकमान से मिले निर्देश हो सकते हैं।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की अनदेखी पर दिया जवाब
रोहड़ू में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की अनदेखी से जुड़े सवाल पर जगत सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का कद बहुत ऊंचा था और उन्हें किसी पद या पोस्ट की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक कार्यकाल के दौरान प्रदेश के कोने-कोने में विकास के ऐतिहासिक कार्य किए हैं। नेगी ने जोर देकर कहा कि हिमाचल के निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार और वीरभद्र सिंह के अतुलनीय योगदान को कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
केंद्र सरकार पर हमला: “अमृत काल संविधान को मृत करने में लगा है
एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं को रोके जाने की घटना को कैबिनेट मंत्री ने अघोषित आपातकाल (Emergency) करार दिया। नेगी ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया है, जहां केंद्रीय पुलिस बलों के साथ-साथ सेना तक को उतार दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि सीजेपी और युवाओं के बढ़ते विरोध से घबराकर केंद्र सरकार इस तरह के कठोर कदम उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के बल पर ही पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनाव जीते गए थे।नेगी ने बीजेपी पर संविधान को खोखला करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का तथाकथित “अमृत काल” वास्तव में संविधान को “मृत” करने में लगा हुआ है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि देश में यही हालात बने रहे और संविधान को कमजोर किया गया, तो यह देश की एकता और अखंडता के लिए बड़ा खतरा साबित होगा।
संजू चौधरी
