- Advertisement

कुल्लू में जल शक्ति विभाग के JE ह#त्याकांड का पर्दाफाश: अवैध संबंधों के शक में डॉक्टर परिवार ने रची थी साजिश, 4 गिरफ्तार
Kullu JE Murder Case: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू सब-डिवीजन में जल शक्ति विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) लाभ सिंह गुलेरिया की संदिग्ध मौत के मामले से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। इस अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर) के पीछे अवैध संबंधों का शक सामने आया है। कुल्लू पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए एक महिला डॉक्टर, उनके डॉक्टर पति, ससुर और देवर समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पानी की पाइप लाइन चेक करने के बहाने बुलाया था घर
पुलिस जांच और कॉल डिटेल्स से खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला डॉक्टर के परिजनों को जेई लाभ सिंह गुलेरिया (52) और डॉक्टर के बीच कथित अवैध संबंधों पर शक था। इसी रंजिश के तहत 24 जुलाई को जेई को पानी की पाइप लाइन चेक करने के बहाने गांधीनगर स्थित घर बुलाया गया। वहां महिला डॉक्टर के पति, ससुर और देवर ने उनके साथ जमकर मारपीट की। बुरी तरह घायल करने के बाद आरोपी उन्हें कार्यालय के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
एम्स बिलासपुर में इलाज के दौरान हुई थी मौत
24 जुलाई की रात जब लाभ सिंह गुलेरिया देर रात तक घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी कांता देवी और परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। दफ्तर के पास पहले उनकी स्कूटी मिली और फिर पास में ही वह गंभीर हालत में पड़े मिले। परिजनों ने तुरंत उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। शनिवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
SIT की जांच और नौकरानी का बयान बना अहम सुराग
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए एसपी कुल्लू के निर्देशों पर एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने चार दिनों की कड़ी जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ीं। मामले में घर की नौकरानी का बयान बेहद अहम साबित हुआ, जिसने पूछताछ में पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। नौकरानी के बयान अदालत में भी दर्ज करवा लिए गए हैं।
महिला डॉक्टर कुल्लू और पति लाहौल-स्पीति में हैं तैनात
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी महिला डॉक्टर कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में कार्यरत हैं, जबकि उनके पति लाहौल-स्पीति में डॉक्टर के पद पर तैनात हैं। एसआईटी ने बुधवार शाम चारों आरोपियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद उनका मेडिकल करवाया गया है।पुलिस इस पूरे मामले का औपचारिक खुलासा आज पुलिस करेगी, जिसके बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
तुलसी बाबा

