-
Advertisement
हिमाचल कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल-विनय कुमार दिल्ली में, आज शाम घोषित हो सकती है नई कार्यकारिणी
Himachal Congress: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन और विस्तार की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार आज नई दिल्ली में पार्टी के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करने जा रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में नई कार्यकारिणी की सूची पर अंतिम मंथन किया जाएगा, जिसके बाद आलाकमान से हरी झंडी मिलते ही शाम तक नई नियुक्तियों की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
दिल्ली में बैठकों का दौर जारी
इससे पूर्व, रविवार को प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के दिल्ली पहुंचते ही प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने उनसे मुलाकात की और प्रस्तावित सूची पर विस्तृत चर्चा की। विनय कुमार शनिवार को ही संभावित पदाधिकारियों की नई सूची के साथ दिल्ली पहुंच गए थे।
।40 से 50 नए पदाधिकारियों को मिलेगी जगह
संगठन सूत्रों के मुताबिक, नई कार्यकारिणी में बड़े स्तर पर फेरबदल और विस्तार की तैयारी है। उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के पदों पर 40 से 50 नए पदाधिकारियों को शामिल करने की योजना है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से सूची तैयार की गई है।
सक्रिय कार्यकर्ताओं को तरजीह और संतुलन की रणनीति
प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए ये नियुक्तियां बेहद जरूरी हैं।”जो नेता पूर्व में संगठन में पद पाने से वंचित रह गए थे, उन्हें समायोजित कर संतुलन बनाया जाएगा। पार्टी उन निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी जो धरातल पर काम कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को हर स्तर पर मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।
पंकज शर्मा
