- Advertisement

मनीषा म#र्डर केस: प्रॉपर्टी के लिए सगे भाई ने रची ह#त्या की साजिश; पार्टनर समेत गिरफ्तार
Manisha Murder Case: राजधानी शिमला के बहुचर्चित मनीषा हत्याकांड में पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मनीषा का सगा भाई हिमांक मित्तल है। उसने अपने बिजनेस पार्टनर गोविंद के साथ मिलकर बहन को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस ने मास्टरमाइंड भाई और उसके पार्टनर दोनों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है।
प्रॉपर्टी विवाद में दी बहन की सुपारी
शिमला पुलिस के खुलासे के अनुसार, मनीषा मित्तल का अपने भाई हिमांक मित्तल और उसके बिजनेस पार्टनर गोविंद के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हिमांक ने अपनी ही बहन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। हिमांक ने अपने पार्टनर गोविंद के साथ मिलकर दोनों शूटरों को मनीषा की हत्या की सुपारी दी थी।
CCTV से रखी नज़र, खाते में भेजे 8.30 लाख रुपये
ASP शिमला मेहर पंवर ने हत्या की साजिश का ब्यौरा देते हुए बताया घटना से कुछ दिन पहले ही मास्टरमाइंड हिमांक ने अपने पार्टनर गोविंद के बैंक खाते में 8 लाख 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। हिमांक के पास सरस्वती पैराडाइज स्कूल के सीसीटीवी कैमरों का पूरा एक्सेस था। इसी एक्सेस का फायदा उठाकर वह मृतिका मनीषा की हर मूवमेंट और आने-जाने की सटीक लोकेशन ट्रैक कर रहा था। पार्टनर गोविंद ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार किराए पर ली और शूटरों को मुहैया कराई। इसके अलावा गोविंद ने ही मुख्य शूटर दीपक को पैसे भी ट्रांसफर किए थे।
विदेश भागा पार्टनर, छिपने की हर कोशिश नाकाम
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गोविंद पुलिस से बचने के लिए विदेश भाग गया था। जब वह वापस लौटा, तब भी उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना फोन लगातार बंद रखा और छिपता रहा। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार की गई ट्रैकिंग के आगे उसकी एक ना चली। पुलिस ने 28 जून को हरियाणा के रोहतक से आरोपी गोविंद को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर 4 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं, मुख्य मास्टरमाइंड भाई हिमांक को भी अगले ही दिन, 29 जून को रोहतक से ही धर दबोचा गया।
क्या कहती है पुलिस
ASP शिमला मेहर पंवर ने बताया कि तकनीकी जांच और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर इस जटिल मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर लिया गया है। इस केस में शामिल मास्टरमाइंड और शूटरों सहित सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगामी जांच जारी है।
संजू चौधरी

