-
Advertisement
फोरलेन पर जाम हुआ आम: जसूर में आधा घंटा फंसे लोग, राहगीर व चालक बेहाल
Himachal News: पठानकोट- मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर जसूर क्षेत्र में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य के चलते रोज़ाना लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। इस जाम ने ना केवल वाहन चालकों बल्कि पैदल राहगीरों की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन के अधिकांश समय सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में आधा-आधा घंटा अतिरिक्त समय लग रहा है।
पार्किंग की पर्याप्त सुविधा न होने से हालात बिगड़े
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन का कार्य तो विकास के लिए जरूरी है, लेकिन कार्य की धीमी गति और उचित ट्रैफिक प्रबंधन न होने के कारण जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।बढ़ती गाड़ियों की संख्या और क्षेत्र में पार्किंग की पर्याप्त सुविधा न होने से हालात और बिगड़ जाते हैं। सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन भी जाम को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस कर्मियों के छूट रहे पसीने
जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को भी खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। ट्रैफिक संभालते हुए पुलिस कर्मियों के “पसीने छूट रहे हैं”, लेकिन सीमित संसाधनों और लगातार बढ़ते दबाव के कारण जाम पूरी तरह खुलवाना मुश्किल हो रहा है। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जो चिंता का विषय है।
स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को दिक्कत
राहगीर गौरव और शम्मी का कहना है कि उन्हें रोज़मर्रा के कामों के लिए जसूर से गुजरना पड़ता है, लेकिन जाम के कारण आधा-आधा घंटा सड़क पर ही निकल जाता है। इससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि मानसिक तनाव भी बढ़ता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए, ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाई जाए और अस्थायी पार्किंग की उचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम जनता को इस गंभीर समस्या से कुछ राहत मिल सके।
ऋषि महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
