-
Advertisement
HPU में फीस वृद्धि और भर्ती विवाद पर भड़का आक्रोश: SFI की वीसी कार्यालय के बाहर पुलिस से तीखी झड़प
SFI Protest: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) में फीस वृद्धि और शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। बुधवार को स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के बैनर तले आयोजित महारैली उस समय उग्र प्रदर्शन में बदल गई, जब सैकड़ों छात्र विश्वविद्यालय के कुलपति (VC) कार्यालय पहुंचे।
बॉयज हॉस्टल से वीसी कार्यालय तक रैली
छात्रों की यह महारैली बॉयज हॉस्टल से शुरू होकर समरहिल चौक होते हुए वीसी कार्यालय पहुंची। रैली के वीसी कार्यालय पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने वीसी कार्यालय के मुख्य द्वार को पूरी तरह बंद कर दिया और पुलिस बल तैनात कर दिया।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की
कार्यालय का प्रवेश द्वार बंद होने पर एसएफआई कार्यकर्ताओं ने परिसर के अंदर घुसने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर माहौल गरमा गया और कार्यकर्ताओं व पुलिसकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। काफी देर तक विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बनी रही। प्रवेश न मिलने पर गुस्साए छात्रों ने वीसी कार्यालय के बाहर ही धरना दे दिया।
छात्रों की मुख्य माँगें:
फीस वृद्धि की वापसी: हाल ही में बढ़ाए गए शुल्क को तुरंत वापस लिया जाए।
भर्ती मामले की निष्पक्ष जांच: विश्वविद्यालय में हुई कथित फर्जी प्रोफेसर भर्ती की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
छात्र संघ चुनाव: लंबे समय से निलंबित छात्र संघ चुनावों (SCA Elections) को पुनः बहाल किया जाए।
आश्वासन से नहीं चलेगा काम
प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसएफआई नेतृत्व ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल कागजी या मौखिक आश्वासनों से यह आंदोलन खत्म नहीं होगा। संगठन की मांग है कि कुलपति स्वयं विद्यार्थियों के बीच आकर उनकी समस्याओं और मांगों को सुनें। एसएफआई ने चेतावनी दी है कि जब तक मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
संजू चौधरी
