-
Advertisement
अबू धाबी में ड्रोन हमले में ऊना के शख्स की मौ#त, गांव में छाया मातम
Una man killed in Abu Dhabi: ईरान-इजराइल जंग के बीच हिमाचल के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। अबू धाबी में एक भीषण ड्रोन हमले में जिला ऊना के गांव मजारा के निवासी जसविन्द्र सिंह (52) की मौत हो गई है। जसविन्द्र UAE में ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। जसविन्द्र सिंह उर्फ शम्मी लंबे समय से विदेश में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जसविन्द्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार जसविन्द्र सिंह सुबह करीब 5 बजे प्रतिबंधित क्षेत्र में अपनी गाड़ी के पास खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ईरानी ड्रोन हमला हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि जसविन्द्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमले की तीव्रता के कारण उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उन्होंने घटनास्थल पर ही प्राण त्याग दिए। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।
मजारा में शोक की लहर दौड़
जसविन्द्र सिंह कुछ समय पहले ही छुट्टियां बिताकर वापस काम पर लौटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव मजारा में शोक की लहर दौड़ गई है। एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया हादसे की जानकारी मिली है। प्रशासन लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में है। मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए उच्चाधिकारियों और संबंधित मंत्रालय के माध्यम से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
सुनैना जसवाल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

