-
Advertisement
सीएंम के दौरे से पहले करंट लगने से युकां नेता चंद्रमणी कुलेठी का नि#धन,अंतिम संस्कार में शामिल होंगे CM, सभी कार्यक्रम रद्द
Chandramani Kuleti Death: चंबा जिले की भरमौर विधानसभा के होली क्षेत्र में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का दौरा प्रस्तावित था। इस दौरे की तैयारियों में युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणी कुलेठी अपने पदाधिकारियों के साथ पूरी निष्ठा से जुटे हुए थे। वह रात के समय (लगभग 12 बजे) होली में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पोस्टर, बैनर और झंडे लगा रहे थे, तभी अचानक वह बिजली की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंद्रमणी कुलेठी के निधन पर शोक जताया है। सीएम उनके अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे ,इस कारण उनके आज के सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
सामने आया अंतिम वीडियो
इस हृदयविदारक हादसे से कुछ घंटे पहले ही चंद्रमणी कुलेठी का एक मीडिया बाइट सामने आया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह मुख्यमंत्री सुक्खू का होली पंचायत का दौरा तय करने के लिए आभार जता रहे थे। वीडियो में उन्होंने बताया था कि मुख्यमंत्री नाग मंदिर के पास स्थानीय लोगों, महिला मंडल और युवक मंडल से रूबरू होंगे तथा उनका रात्रि विश्राम भी इसी पंचायत में तय था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
चंद्रमणी कुलेठी के आकस्मिक निधन से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे।हाल ही में उनके पिता का ऑपरेशन हुआ था, ऐसे में यह आघात परिवार के लिए असहनीय है। चंद्रमणी का विवाह लगभग चार साल पहले हुआ था और उनके पीछे उनका दो साल का मासूम बेटा और पत्नी हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।
राजनीतिक सफर और परिचय
क्षेत्र में चंद्रमणी कुलेठी को पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह का बेहद करीबी माना जाता था। आगामी राजनीति में उन्हें भरमौर से टिकट के मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा था। इसके अलावा, वह हाल ही में जयपुर में हुए इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन (एसआईआर और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर) में भी शामिल हुए थे, जहां पुलिस लाठीचार्ज में उनकी पीठ पर चोटें भी आई थीं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली की लाइन की चपेट में आने के क्या कारण रहे। विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रविंद्र चौधरी
