-
Advertisement
हिमाचल: अज्ञात वाहन राहगीर को 15 मीटर तक घसीटते ले गया, गई जान
पालमपुर। हिमाचल के कांगड़ा (Kangra) जिला में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। मामले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पालमपुर तथा मारंडा के मध्य कालू दी हट्टी में हुई। उक्त व्यक्ति सड़क पर पैदल जा रहा था कि पीछे से एक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी तथा घसीटते हुए उसे कुछ दूरी तक ले गया। मृतक का एक जूता शव से लगभग 15 मीटर दूर मिला है। वाहन की टक्कर तथा घसीटे जाने के कारण मृतक का शरीर पूरी तरह से कुचला गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 15 हजार में डोल गया पटवारी का ईमान, स्टेट विजिलेंस ने रिश्वत लेते रंगे हाथों धरा…
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटना स्थल पहुंची तथा जांच आरंभ की। घटना सोमवार सायं 7 बजे के बाद की बताई जा रही है। उस समय अंधेरा हो चुका था तथा जिस स्थान पर यह घटना घटी, वह वीरान क्षेत्र है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दी है। मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसमें पंचरुखी क्षेत्र के 33 वर्षीय किशोरी लाल का नाम अंकित है। पुलिस आधार कार्ड पर दर्शाए पते के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है, ताकि मृतक की सही पहचान को सुनिश्चित बनाया जा सके। डीएसपी पालमपुर गुरबचन सिंह का कहना है कि कालू दी हट्टी के समीप एन.एच. पर अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को हिट किया है, जिसके चलते उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है, वहीं अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


