-
Advertisement
शिमला के खेरा में शराब ठेका खोलने का विरोध, पंचायत सदस्यों ने दिया सामूहिक इस्तीफ़ा
Himachal News: शिमला के खेरा गांव में शराब ठेका खोलने के विरोध में चेवड़ी पंचायत के सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक त्यागपत्र दिया । पंचायत प्रधान, उप प्रधान व 5 वार्ड मेंबर के अलावा 6 महिला मंडलों और नशा निवारण कमेटी ने भी इस्तीफा दिया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने 12 दिन की हड़ताल के बाद कांग्रेस सरकार के रवैये को देखते हुए यह फैसला लिया। पंचायत प्रधान छविंद्र सिंह पाल, उप प्रधान देसराज, वार्ड मेंबर नरेश शर्मा, ओम प्रकाश, ज्योतिका, अचला वर्मा और कविता शर्मा ने आज जिला पंचायत अधिकारी को रिजाइन सौंपा। महिला मंडल ने एसडीएम को अपने इस्तीफे सौंपे।
23 मई को गांव में खोला था शराब का ठेका
पंचायत प्रधान छविंद्र सिंह पाल ने बताया कि सरकार ने 23 मई को शिमला ग्रामीण विधानसभा की चेवड़ी पंचायत के खेरा गांव में शराब का ठेका खोला है, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है। जिन महिलाओं ने शराब के ठेके का विरोध करने के लिए प्रदर्शन किया पुलिस ने उनके ख़िलाफ़ ही FIR दर्ज कर डाली।
नैतिक आधार पर इस्तीफा
पंचायत प्रधान छविंद्र सिंह पाल ने कहा कि इस दौरान ठेका बंद करने की मांग विभिन्न स्तर पर उठाते रहे, लेकिन उनकी मांग मानने के बजाय हड़ताल करने वाली महिलाओं पर उल्टा एफआईआर की गई। इससे नाराज होकर सभी ने अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। छविंद्र सिंह पाल ने कहा कि सरकार एक तरफ नशा मुक्ति की बात करती है और दूसरी तरफ जो पंचायतें नशे के खिलाफ आवाज उठा रही हैं, उन पर एफआईआर की जाती है। इसे देखते हुए उन्होंने नैतिक आधार पर इस्तीफा देने का फैसला लिया है।
संजू चौधरी

