-
Advertisement
पैसे दोगुने करने के नाम पर पालमपुर के व्यक्ति से 11 लाख की धोखाधड़ी, महिला समेत 4 पर केस
Cyber crime: कांगड़ा जिले के पालमपुर में कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पालमपुर पुलिस थाने में मैंझा निवासी छिंद राज की शिकायत पर एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गेम में निवेश और 21 लाख का दिया झांसा
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को चार आरोपी छिंद राज के पास पहुंचे और उसकी रकम को दोगुना करने का भरोसा दिलाया। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने पहले 4 लाख रुपये दे दिए। अगले ही दिन आरोपियों ने पीड़ित को बताया कि उसके पैसे एक ऑनलाइन गेम में लगाए गए हैं और भारी मुनाफा कमाने के लिए 7 लाख रुपये और निवेश करने होंगे। 11 लाख रुपये के बदले 21 लाख रुपये मिलने के लालच में आकर पीड़ित ने 7 लाख रुपये और आरोपियों को सौंप दिए।
डेढ़ करोड़ के लालच पर हुआ शक
रकम लेने के बाद आरोपी मौके से चले गए। इसके कुछ दिनों बाद आरोपियों ने पीड़ित को फोन कर 21 लाख रुपये और निवेश करने को कहा और बदले में करीब डेढ़ करोड़ रुपये देने का दावा किया। लगातार बढ़ती मांग और असामान्य मुनाफे की बात सुनकर छिंद राज को ठगी का संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पालमपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच और सतर्क रहने की अपील
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ 11 लाख रुपये के वित्तीय लेन-देन के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या भारी मुनाफा कमाने जैसे प्रलोभनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे देने से पहले उसकी प्रामाणिकता जांच लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लेन-देन की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें।
राहुल कुमार
