- Advertisement

‘PM मोदी युवाओं से बात करें, नेहरू की तरह बन सकते हैं चाचा मोदी’: विक्रमादित्य बोले—यह टकराव का नहीं, समाधान का समय
Vikramaditya Singh on NEET Paper Leak: देशभर में नीट (NEET) और पेपर लीक मामलों को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री (PWD) विक्रमादित्य सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी को अहम सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि पीएम आने वाले समय में अपनी राजनीतिक विरासत (लीगेसी) को मजबूत करना चाहते हैं, तो उन्हें देश के युवाओं का दिल जीतना होगा और दिल्ली व जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से सीधे संवाद करना होगा।
‘पंडित नेहरू की तरह युवाओं के दिल में जगह बनाएं
विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू का उदाहरण देते हुए कहा-“जिस तरह आज भी पंडित नेहरू को दशकों बाद ‘चाचा नेहरू’ के नाम से याद किया जाता है, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी भी भविष्य में ‘छोटे चाचा मोदी’ या ‘चाचा मोदी’ के रूप में पहचाने जा सकते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें युवाओं की भावनाओं को समझना होगा और आंदोलनकारी छात्रों के साथ सीधे संवाद की शुरुआत करनी होगी।”
टकराव नहीं, समाधान का समय
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने विपक्ष की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने युवाओं की आवाज को बेहद मजबूती से उठाया है। अब पीएम को भी उनकी मांगों को सुनना चाहिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समय केंद्र और छात्रों या विपक्ष के बीच टकराव का नहीं, बल्कि बैठकर समाधान निकालने का है।
‘सही का समर्थन और गलत का विरोध हमारी नीति
पीएम मोदी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री जी, हम आपका दिल की गहराइयों से सम्मान करते हैं। जब-जब हिमाचल प्रदेश और खासकर मेरे लोक निर्माण मंत्रालय को केंद्र सरकार से सहयोग मिला, हमने खुलकर उसकी तारीफ और समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उनकी नीति हमेशा से सही का समर्थन करने और गलत का विरोध करने की रही है।
युवाओं का भविष्य हमारी सामूहिक जिम्मेदारी
अपनी बात को समाप्त करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना पूरे देश और सभी राजनीतिक दलों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पीएम मोदी से अपील की कि वे विपक्ष और छात्रों की आवाज सुनकर ऐसा फैसला लें, जिससे उनकी विरासत और मजबूत हो।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

