- Advertisement -
शिमला/कांगड़ा। धर्मशाला के तपोवन विधानसभा परिसर में खालिस्तान के झंडे (Khalistan Flag) लगाने और दीवारों पर पेंट से खालीस्तान लिखने पर विपक्षी दल प्रदेश की जयराम सरकार पर लगातार हमला कर रहा है। हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक करार दिया है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और इस मसले को केंद्र सरकार के समक्ष रखना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने इसे पुलिस प्रशासन की भी बड़ी भूल बताया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला विधानसभा परिसर (Dharamshala Vidhansabha Complex) में खालिस्तान के झंडे लगाए जाते हैं और को इसकी जानकारी तक नहीं है। विधानसभा में पुलिस का एक भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। उन्हांेने कहा कि विधानसभा कोई छोटा स्थान नहीं होता है ऐसे में यहां की सुरक्षा में ऐसी चूक कैसे हो सकती है। पुलिस प्रशासन को यहां पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाना चाहिए और सीसीटीवी भी लगाए जाने चाहिए।
वहीं प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा (Dr. Rakesh Sharma) ने कहा कि बीजेपी की सरकार (BJP Govt) में सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे चल रही है। प्रदेश का अमूल्य भवन विधानसभा परिसर तक खालीस्तानी लोग घुस आए और प्रदेश पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी तक नहीं है। डॉ राजेश शर्मा ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) को इस सब की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं उन्होंने मांग की है कि इस मामले की गहनता से जांच की जानी चाहिए और दोषी लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। डॉ राजेश शर्मा ने सीएम जयराम के खालिस्तानियों को दिन के उजाले में सामने आने की चेतावनी पर भी हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि चाहे दिन हो या रात प्रदेश के महत्तवूर्ण भवनों की सुरक्षा हर समय होनी चाहिए।
वहीं विधानसभा के गेट पर खालिस्तान के झंडे लगाए जाने की अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे शांत राज्य में इस तरह का मामला पेश आना गंभीर है। राठौर ने कहा कि हिमाचल एक शांत राज्य है यहां के भाईचारे और सदभावना को ठेस पहुंचाने का कार्य किया गया है। कुलदीप राठौर (Kuldeep Rathore) ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का खुफिया तंत्र इस बात को पता लगाने में असफल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पुनरावृति भविष्य में ना हो इसके लिए सरकार को जल्द इस पर एक्शन लेना चाहिए।
- Advertisement -