-
Advertisement
प्रतिभा बोली, रोहडू में दिवंगत Virbhadra Singh की उपेक्षा का मतलब छोटी सोच का होना, वीडियो देखें
Pratibha Singh : सीएम सुखविंदर सिंह पांच रोज पहले दिवंगत सीएम वीरभद्र सिंह के गढ़ रहे रोहडू में थे, रात भी वहीं रूके थे, उनके किसी भी प्रोग्राम में ना तो किसी पोस्टर और ना ही बैनर पर पूर्व सीएम की फोटो की लगी थी। यहां तक उन्हें स्मरण भी नहीं किया गया। तय था दिवंगत वीरभद्र सिंह परिवार इससे अपने को उपेक्षित महसूस करता, वैसा ही हुआ। दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह रोहडू पहुंची वहां उनका दर्द छलक कर बाहर आता दिखा। उन्होंने साफ कहा कि रोहडू में दिवंगत वीरभद्र की उपेक्षा का मतलब छोटी सोच का होना है। जबकि कांग्रेस की कभी ऐसी विचारधारा नहीं रही है कि कांग्रेस को बांटकर गुटबाजी पैदा की जाए। जबकि राजा वीरभद्र सिंह ने अपने वक्त में कभी हिमाचल के लिए कोई कमी नहीं रखी।
औरों से क्या उम्मीद करनी, अपने ही आगे आ जाते
प्रतिभा सिंह ने कहा कि औरों से क्या उम्मीद करनी, अपने ही आगे आ जाते बीस पोस्टर-बैनर बना देतें। ये लोगों को देखना चाहिए था रोहडू में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी राजा साहब को गए साढे चार साल हुए हैं, इतनी जल्दी स्मरण करना भूल गए। जबकि जो लोग मुख्यमंत्री को कंपनी कर रहे थे, उन्हें भी देखना चाहिए था कि हमने उस शख्सियत को कैसे भूला दिया। जबकि हम जब भी सिरमौर जाते हैं तो प्रदेश के पहले दिवंगत सीएम डॉ यशवंत सिंह परमार को जरूर याद करते हैं। ऐसे ही वीरभद्र सिंह का भी इस प्रदेश के लिए बड़ा योगदान रहा है,उन्हें ऐसे कैसे भुलाया जा सकता है।
रोहड़ू से रहा है वीरभद्र सिंह का गहरा नाता
जाहिर से रोहड़ू से बीजेपी की शशिबाला ने भी सीएम सुक्खू के दौरे के बाद पोस्टरों व बैनरों में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह का फोटो ना लगाए जाने को लेकर सवाल उठाए थे। रोहड़ू क्षेत्र वीरभद्र सिंह का मुख्य राजनीतिक केंद्र रहा है। वे वर्ष 1990 से 2007 तक लगातार पांच बार रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे।हाल ही में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने रोहड़ू दौरे के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए, छात्रों से संवाद साधा और एंटी-चिट्टा (नशा विरोधी) रैली में हिस्सा लिया था। हालांकि, इस पूरे आयोजन के दौरान वीरभद्र सिंह की अनदेखी से अब पार्टी के भीतर नए सिरे से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
पंकज शर्मा
