- Advertisement

राहुल गांधी का केंद्र पर तीखा हमला, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और PM मोदी की माफी समेत रखीं 3 मांगें
NEET Paper leak Case: कथित NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि अनशन पर बैठे छात्रों से उनकी बातचीत हुई है और छात्रों ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं, जिन पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सबसे पहली और प्राथमिक मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की है।राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्ट, अयोग्य और अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह विफल रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी अन्य मंत्रालय का प्रभार देने की चर्चा चल रही है। राहुल गांधी ने साफ कहा कि मंत्रालय बदलना इसका समाधान नहीं है और देश का कोई भी छात्र इसे स्वीकार नहीं करेगा।धर्मेंद्र प्रधान अब केवल एक मंत्री नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य के साथ हुए नुकसान का प्रतीक बन चुके हैं।”
राहुल गांधी द्वारा रखी गईं अन्य दो मुख्य मांगें
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के अलावा, राहुल गांधी ने छात्रों की दो अन्य मांगों को रेखांकित करते हुए कहा कि इन पर भी बातचीत या समझौते की कोई गुंजाइश नहीं है। विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कथित बर्बरता और बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। देश के सबसे बड़े एसेट (छात्रों) के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ के लिए पीएम नरेंद्र मोदी देश के छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
छात्रों के भविष्य को बताया देश की सबसे बड़ी पूंजी
राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत और पूंजी उसके छात्र हैं। मौजूदा सरकार की नीतियों और अव्यवस्था के कारण आज देश का यही भविष्य सबसे ज्यादा नुकसान झेलने को मजबूर है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों की इन तीनों मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
पंकज शर्मा

