- Advertisement

सिंगापुर पहुंचे तो खुली ठगी की पोल: फर्जी कंपनी का जॉइनिंग लेटर देकर 8 लाख ऐंठे, 3 पर FIR
Himachal News: विदेश में नौकरी करने का सपना देखने वाले एक व्यक्ति से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ऊना जिले के पुलिस थाना अम्ब के तहत मुबारिकपुर निवासी राम सिंह से सिंगापुर में नौकरी और दो साल का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर करीब 8 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर हरियाणा के रोहतक निवासी तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया विज्ञापन से शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस को दी शिकायत में राम सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 में उसने सोशल मीडिया पर एक इमिग्रेशन कंपनी का विज्ञापन देखा था। संपर्क करने पर कंपनी से जुड़े पूनम, दीपक और रियाज (तीनों निवासी रोहतक, हरियाणा) ने उसे सिंगापुर में 2 साल का वर्क वीजा और अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। शुरुआत में टोकन मनी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम ऐंठी गई और बाद में वीजा अप्रूवल का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल मिलाकर करीब 8 लाख रुपये जमा करवा लिए गए।
6,300 सिंगापुर डॉलर वेतन का फर्जी लेटर
आरोपियों ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए उसे एक फर्जी IPA (In-Principle Approval) लेटर सौंपा, जिसमें सिंगापुर की एक कंपनी में 6,300 सिंगापुर डॉलर (लगभग 3.8 से 4 लाख भारतीय रुपये) मासिक वेतन देने का उल्लेख था। इस नियुक्ति पत्र को असली मानकर राम सिंह ने खुद के खर्च पर हवाई टिकट खरीदी और 15 मार्च 2026 को सिंगापुर पहुंच गया।
सिंगापुर पहुंचने पर हुआ चौंकाने वाला खुलासा
सिंगापुर पहुंचने पर आरोपियों ने उसे कहा कि जल्द ही उसका वर्क परमिट और अन्य औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी। कुछ दिन बीतने के बाद राम सिंह को सिंगापुर इमिग्रेशन विभाग से निर्धारित समय के भीतर देश छोड़ने का आधिकारिक ई-मेल मिला। जब राम सिंह ने पड़ताल की तो पता चला कि जिस कंपनी के नाम का जॉइनिंग लेटर उसे दिया गया था, वह असल में अस्तित्व में ही नहीं है।
भारत लौटकर दर्ज कराई शिकायत
ठगी का अहसास होने पर राम सिंह भारत लौट आया। भारत वापस आने पर आरोपियों ने पहले तो पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में अपने फोन बंद कर दिए और संपर्क तोड़ लिया।पुलिस थाना अम्ब ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों (पूनम, दीपक और रियाज) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
सुनैना जसवाल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
