-
Advertisement
पंचतत्व में विलीन हुए MLA नंदलाल: बेटे आशीष ने दी मुखाग्नि, सीएम समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
Rampur MLA Nandlal furenal: रामपुर से चार बार विधायक रहे नंदलाल पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में पूरी तरह से राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके बेटे आशीष ने नम आंखों से उन्हें मुखाग्नि दी। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू नंदलाल के पैतृक आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। सुबह 11 बजे तक स्व. नंदलाल की पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए घर पर रखा गया था, जहां लोगों का तांता लगा रहा। सीएम के पहुंचने के बाद पूरे सम्मान के साथ अंतिम शव यात्रा शुरू हुई।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक एकत्र हुए। इस अवसर पर डिप्टी मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी सहित कई प्रमुख नेता, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से रामपुर के चहेते नेता को श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश और पार्टी के लिए बड़ी क्षति: बोले सीएम
सीएम सुक्खू ने स्व. नंदलाल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका इस तरह अचानक चले जाना कांग्रेस पार्टी और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने नंदलाल के जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
कैंसर से जूझ रहे थे 72 वर्षीय नंदलाल
गौरतलब है कि 72 वर्षीय नंदलाल का मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में निधन हो गया था। वह पिछले लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। वह अपने पीछे पत्नी, बेटा, बहू और 7 साल के पोते को छोड़ गए हैं। उनके निधन से रामपुर क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर व्याप्त है।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
