- Advertisement

चंबा के भरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में समाई कार, दो परिवारों के चिराग बुझे
Chamba Accident: चंबा जिले के भरमौर उपमंडल के होली क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। लांमू-हीलिंग सड़क पर नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि ढलानदार पहाड़ी और गहरी खाई के कारण शवों को बाहर निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
हीलिंग से गांव लौटते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) पुत्र रंगीला राम और संजय कुमार (35) पुत्र सरवन शर्मा के रूप में हुई है, जो गांव लांमू के ही निवासी थे। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बुधवार रात करीब 11 बजे के बाद हीलिंग से अपने गांव लांमू की ओर लौट रहे थे। जब उनकी कार हीलिंग नाले के पास पहुंची, तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में जा समाई। देर रात घटना होने के कारण हादसे का तुरंत पता नहीं चल सका।
मानव श्रृंखला बनाकर रस्सियों के सहारे निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हालांकि, अंधेरा और दुर्गम इलाका होने की वजह से रात में बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। गुरुवार सुबह पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पहाड़ी की ढलान और खाई की गहराई अधिक होने के कारण पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने ‘मानव श्रृंखला’ (ह्यूमन चेन) बनाई और रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को सड़क तक पहुंचाया।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति विवाहित थे और अपने पीछे हंसते-खेलते परिवार छोड़ गए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले सुरेश कुमार (48) लोक निर्माण विभाग (PWD) में कार्यरत थे। वे अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। संजय कुमार (35): पेशे से टैक्सी ड्राइवर थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पड़ताल में हादसे का कारण कार का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
मनोज ठाकुर
