- Advertisement -
सोलन। हिमाचल के सोलन (Solan) जिला में आज एक डंगा अचानक गिर गया। डंगे (Safety Wall) के मलबे में कई वाहनों के दबने की आशंका है। वहीं डंगे का मलबा आसपास के घरों में घुस गया है। हादसा नगर निगम सोलन के अंतर्गत वार्ड नंबर सात स्थित धोबीघाट मार्ग पर रविवार दोपहर बाद निजी स्कूल भवन के साथ पेश आया। यहां स्कूल के साथ लगता डंगा अचानक से गिर गया। इस घटना से आसपास के घरों को नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय वहां से कोई बड़ा वाहन व लोग नहीं गुजर रहे थे। अन्यथा एक बड़ा हादसा हो जाता। हालांकि हादसे के बाद सोलन-धोबीघाट मार्ग भी पूर्ण रूप से यातायात के लिए बाधित हो गया। डंगा गिरने से बिजली की तारें भी चपेट में आ गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में बत्ती गुल हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शाम तक डंगे के गिरे मलबे में से एक एक स्कूटी व एक बाइक को निकाला गया है।
वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घटना स्थल पर रोष जताया। लोगों का कहना है कि यह डंगा कुछ समय पहले ही लगाया गया था। लोगों ने पूर्व में भी इस डंगे पर सवाल उठाए थे। बताया जा रहा है कि यह डंगा 90 डिग्री एंगल पर लगाया गया था, मतलब सीधा खड़ा डंगा था। डंगा गिरने से स्कूल भवन को खतरा पैदा हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन व बिजली विभाग (Electricity Department) को सूचित कर बिजली काटने को कहा।
सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निगम के एसडीओ व जेई (SDO & JE) भी मौके का जायजा लेने के लिए पहुंचे। इसमें साथ लगते एक-दो घरों के दरवाजे तक मलबा पहुंच गया व काफी नुकसान हुआ है। वार्ड नंबर सात के पूर्व पार्षद हमेश जग्गी ने बताया कि डंगा गिरने की घटना से उनके घर को नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। नगर निगम द्वारा मार्ग यातायात के बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
नगर निगम सोलन (Municipal Corporation Solan) के संयुक्त आयुक्त विश्रुत भारती ने बताया कि डंगा गिरने की सूचना के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंच गई है। सड़क मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया जा रहा है।
- Advertisement -