-
Advertisement
कांग्रेस पर बरसे सतपाल सत्ती, कहा- हिमाचल कांग्रेस पर है बाहरी नेताओं का कब्जा
Last Updated on September 2, 2022 by Vishal Rana
ऊना। वित्त आयोग अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती (Satpal Singh Satti) ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस नेतृत्व को जमकर निशाने पर लिया। वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी नेता और नीति विहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हालत यह है कि कांग्रेस (Congress) के खुद के नेता पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं यही कारण है कि 2 विधायकों के बाद अब अन्य कई कांग्रेस नेता पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामने को तैयार बैठे हैं। उन्होंने कहा कि इसका सीधा सा कारण कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों के कांग्रेस नेताओं (Congress Leaders) के दखल को एकाएक बढ़ा देना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को निशाने पर लेते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में किसानों से 2 रुपये किलो ग्राम की दर पर गोबर खरीदने का ऐलान करने वाले बघेल के राज्य में अब गोबर घोटाला भी सामने आ चुका है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: करोट पंचायत में हुए घोटाले की अब तक नहीं हुई जांच, अब कोर्ट जाएंगे पूर्व प्रधान
सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी (Congress Party) में टिकट की खरीद-फरोख्त को लेकर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री द्वारा दिया गया बयान इसका जीता जागता उदाहरण है। जिसमें उन्होंने कांग्रेस पार्टी के टिकट बेचे जाने पर राजनीति छोड़ने और कांग्रेस छोड़ने तक का ऐलान कर दिया था। वहीं उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ने वाले 2 विधायकों लखविंदर राणा और पवन काजल के मामले पर सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह रायजादा के बयान का भी हवाला देते हुए कांग्रेस में कुछ भी ठीक नहीं होने की बात कही। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कुल मिलाकर हिमाचल प्रदेश में इस वक्त कांग्रेस पर बाहरी राज्यों के नेताओं का कब्जा है जिनमें छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल (Chhattisgarh CM Bhupesh Baghel) और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के नाम प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को बिना जाने ही यह दोनों नेता अपने राज्य में लागू की गई योजनाओं को हिमाचल प्रदेश में लागू करने की गारंटी दे रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने गोबर में भी किया घोटाला
सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब कांग्रेस किसानों से 2 रुपए किलोग्राम की दर पर गोबर खरीदने जा रही है। लेकिन छत्तीसगढ़ में ही कांग्रेस का गोबर खरीद घोटाला सामने आने के बाद इस योजना पर भी कांग्रेस की नियत साफ हो चुकी है। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि दो बैलों के मालिक एक किसान को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी द्वारा गोबर की खरीद पर करीब 2 क्विंटल गोबर (Dung) प्रतिदिन के हिसाब से पैसे अदा किए हैं। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी गोबर जैसी चीजों पर भी अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए योजनाएं बना चुकी है और ऐसी स्कीमों को हिमाचल में लागू करने का ऐलान करते हुए सरकार बनने से पहले ही भ्रष्टाचार का बेस तैयार कर लिया गया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group