-
Advertisement
जवाली में सनसनी: 5 दिन से लापता युवक का खंडहर में मिला श#व ,हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
Kangra News: पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना जवाली की पंचायत पनालथ के देहरी में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब यहाँ स्थित एक खंडहर शेड से एक युवक का गला-सड़ा शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 24 वर्षीय साहिल कुमार पुत्र मलकीयत सिंह, निवासी जरोट के रूप में की गई है। युवक पिछले 5 दिनों से लापता था और उसका शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
7 जुलाई से लापता था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, साहिल कुमार गत 7 जुलाई से अचानक अपने घर से लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश करने के बाद 8 जुलाई को पुलिस थाना जवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने देहरी के खंडहर शेड में एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान साहिल के रूप में की।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, शव के पास मिला मोबाइल
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जवाली वीरी सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मौत के कारणों का सही पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को शव के बिल्कुल समीप से युवक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मोबाइल के कॉल डिटेल्स और अन्य डेटा को भी खंगाल रही है।
डीएसपी का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी जवाली वीरी सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस हत्या, आत्महत्या समेत हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा और उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रविंद्र चौधरी

