-
Advertisement
हिमाचल: व्यापारियों का फूटा गुस्सा, बोले-सरकार दुकाने खोले या उनके परिवार को दे-दे जहर
बददी। हिमाचल में कोरोना कर्फ्यू (Corona Curfew) के चलते बंद पड़ी दुकानों के चलते व्यापारी वर्ग खासा परेशान है। व्यापारियों ने अब प्रदेश में लगाए कोरोना कफ्र्यू का विरोध करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को हिमाचल के सोलन (Solan) जिला के बद्दी में दुकानदारों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बददी साईं रोड़ पर 6 किलोमीटर लंबी मार्केट में व्यापारियों और दुकानदारों (Shopkeepers and traders) ने दुकानों के बाहर काले झंडे लगाकर और सिर तथा मुंह पर पट्टियां बांधकर विरोध प्रदर्शन (Protest) किया। इस दौरान दुकानदारों ने हाथों में बोर्ड लिए शांति पूर्वक प्रदर्शन किया। वहीं दुकानदारों और व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार जल्द कोई फैसला नहीं लेती है तो उनके परिवार को जहर दे दे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में गरजी मजदूर यूनियनें, प्रदर्शन कर मनाया काला दिवस
प्रदेश व्यापार मंडल के सदस्य संजीव कौशल, नगर व्यापार व्यापार मंडल के प्रवीण कौशल, मोबाईल एसोसिएशन के पंकज भंडारी, मुस्ताक खान, रमन कौशल, कपिल अग्रवाल, रोहित, विकास, राजू गुप्ता, सोनी कुमार, सुरेंद्र चंदेल, मोहिंद्र, अरूण गुप्ता, कुलदीप धुन्ना समेत सभी व्यापारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के सामने अपनी परेशानियां रखीं। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि व्यापारी वर्ग दुकानों का किराया, मकानों का किराया, बिजली के बिल और परिवार के राशन पानी का खर्चा कहां से करे। उनके साथ साथ उनके पास काम करने वालों को भी व्यापारी व दुकानदार (Shopkeepers ) जेब से तनख्वाह दे रहे हैं। ऐेसे में अगर बाजार नहीं खुलेंगे तो व्यापारियों व दुकानदारों को मजबूरन सड़क पर आना पड़ेगा। व्यापार मंडल के संजीव कौशल व प्रवीण कौशल ने कहा कि सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है। लेकिन अभी तक बाजारों को खोलने के लिए सरकार का रवैया स्पष्ट नहीं है। दुकानदारों और व्यापारियों ने शांति पूर्वक प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी है कि अगर सरकार व्यापारियों व दुकानदारों के हित में कोई फैसला नहीं लेती तो उन्हें व उनके परिवारों को जहर दे दिया जाए। हर रोज तिल तिल मरने से अच्छा है कि एक बार में ही खुद को और अपने परिवारों को इस परेशानी से मुक्ति दे दें।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel

