-
Advertisement
हिमाचल उपचुनाव: सुक्खू बोले- अतीत में कुछ नहीं किया, भविष्य के सपने बुन रही बीजेपी
मंडी। हिमाचल (Himachal) में उपचुनाव (By Election) अपने चरम पर है। मतदान में गिनती के दिन बाकी रह गए हैं। ऐसे में ठंडी वादियों में सियासी बुखार का पारा हाई है। कांग्रेस और बीजेपी (BJP) दोनों एक दूसरे पर दनादन सियासी हमले कर रहे हैं। इस बार कांग्रेस की तरफ से कमान पूर्व प्रदेशअध्य सुखविंद्र सिंह सुक्खू (Sukhvindar Singh Sukkhu) ने संभाला है। सुक्खू ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह लोगों को झूठे सपने दिखा कर उनकी भावनाओं से खिलवाड़ करने का काम करती है।
पूर्व सीएम शांता कुमार (Shanta Kumar) का यह कहना है कि अगले पांच वर्षों में सीएम जयराम ठाकुर, खुशहाली वाले सीएम के रूप में जाने जाएंगे। यह एक भद्दा मजाक है। उन्होंने सवाल किया है कि वह पहले सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल की कोई एक उपलब्धि बताएं, उसके बाद भविष्य की बात करें।
यह भी पढ़ें: विक्रमादित्य बोले- बीजेपी कार्यकर्ताओं में नैतिकता बची है तो स्व रामस्वरूप के परिवार के साथ खड़े हों
डबल इंजन की सरकार फेल
कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछले चुनाव में डबल इंजन सरकार को सत्ता में लाने का लोगों से बीजेपी ने आह्वान किया था, ताकि विकास को नई गति मिल सके। लेकिन प्रदेश सरकार को सत्ता में चार वर्ष होने को हैं। लेकिन इस डबल इंजन सरकार ने ऐसा क्या किया है जिसके लिए उसे सराहा जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार का डबल इंजन फेल हो चुका है। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के ड्रीम प्रोजेक्ट बल्ह एयरपोर्ट के लिए आज तक एक इंच भूमि का अधिग्रहण नहीं किया गया है। 2016 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल को 59 हाइवे देने की बात कही थी। लेकिन इस सरकार के कार्यकाल में उनकी स्थिति क्या है, यह सबके सामने है।
क्षेत्रवाद की राजनीति करते हैं सीएम जयराम
नदौन विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सीएम जयराम क्षेत्रवाद की राजनीति के सहारे चुनाव जीतना चाहते हैं। लेकिन जनता इस चुनाव में बीजेपी को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ की गई टिप्पणी महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया है कि पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में बयार बह रही है और प्रतिभा सिंह रिकार्ड मतों से विजयी होकर संसद में पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि 2 नवंबर को कांग्रेस की जीत के साथ ही हिमाचल में बीजेपी सरकार की उल्टी गिनती भी शुरु हो जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

