-
Advertisement
हिमाचल: फर्जी दस्तावेजों से पाया 32 करोड़ का टेंडर, PWD ने किया रद्द
हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग के टौणी देवी डिवीजन के तहत एक ठेकेदार का टेंडर रद्द कर दिया है। ठेकेदार फर्जी दस्तावेज लगाकर 32.58 करोड़ रुपये का टेंडर हासिल करने की कोशिश कर रहा था। विभाग ने टेंडर अवार्ड करने के बाद अपने स्तर पर ठेकेदार के दस्तावेजों की जांच की और इसी दौरान वर्क डन का सर्टिफिकेट जाली निकला, जिसके चलते विभाग ने टेंडर रद्द कर दिया। वहीं, विभाग ने अब फिर से टेंडर आमंत्रित किए हैं।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: बीच बाजार से दुकान के दरवाजे ले उड़े चोर, नशे के साथ एक धरा
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रविंद्र सकलानी ने बताया कि इस काम के लिए आमंत्रित टेंडर में सबसे कम रेट भरने और अन्य शर्तें पूरी करने पर हरियाणा की एक फर्म को काम आवंटित किया गया, लेकिन जब बाद में फर्म के दस्तावेजों की जांच की गई तो उसमें वर्क डन का सर्टिफिकेट जाली निकला, जिसके चलते टेंडर रद्द कर दिया गया। उन्होंने बताया कि नए टेंडर की प्रक्रिया एक्सईएन और अधीक्षण अभियंता कार्यालय में अमल में लाई जा रही है। वहीं, टौणी देवी के लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन अरविंद लखनपाल ने बताया कि उक्त मार्ग के लिए सीआरएफ के तहत 32.58 करोड़ रूपये का बजट स्वीकृत हुआ है।
जानकारी के अनुसार, टौणी देवी लोनिवि के मंडल कार्यालय के 23 किलोमीटर लंबे सुजानपुर-हमीरपुर वाया कोट-चौरी-पटलांदर सड़क के स्तरोन्नयन के लिए केंद्रीय रोड फंड से 32.58 करोड़ रूपये का बजट केंद्र से स्वीकृत हुआ है। इस बजट में टारिंग, सड़क की चौड़ाई बढ़ाना, ब्लैक स्पॉट खत्म करना, निकासी नालियों का निर्माण और भूस्खलन वाले स्पॉट पर डंगे लगाने का काम किया जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

