-
Advertisement
Traffic Jam | Tourists | Traffic Congestion |
हिमाचल की राजधानी शिमला की सड़कों पर ट्रैफिक रेंग-रेंग कर चल रहा है। संजौली से छराबड़ा के बीच आज सुबह ही लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। इससे लोकल लोगों के साथ-साथ देशभर से पहाड़ों पर घूमने पहुंच रहे टूरिस्ट भी परेशान हैं। हालात यह हैं कि 10 मिनट के सफर में डेढ़ से दो घंटे का वक्त लग रहा है। इससे लोगों में सरकार और पुलिस के खिलाफ रोष पनप रहा है। पर्यटन सीजन में पुलिस के इंतजाम पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। शिमला की ढली सब्जी मंडी के पास सुबह 5:30 बजे से ही ट्रैफिक जाम लगना शुरू हो गया था, दोपहर 12 बजे तक लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। छराबड़ा से लगी वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें संजौली के नवबहार और भट्टाकुफर तक पहुंच गई। ट्रैफिक जाम के कारण लोग सुबह के समय बच्चे स्कूल, कामकाजी व नौकरीपेशा लोग दफ्तर और अपने काम पर नहीं पहुंच पाए। इसी तरह, टूरिस्ट को भी घंटों ट्रैफिक जाम में जूझना पड़ा। शिमला के ट्रैफिक जाम के कारण न केवल एनएच-5 पर बल्कि शिमला-करसोग हाईवे पर भी ढली से मशोबरा साइड दो किलोमीटर तक जाम लग गया।

