-
Advertisement
ऊना-नंगल के बीच OHC पर गिरा पेड़, रेल सेवाएं ठप
ऊना। भारी बारिश के बीच ऊना-नंगल रेलवे लाइन (Una Nangal Rail Track) पर हाई वोल्टेज विद्युत लाइन (OHC) पर एक बड़ा पेड़ गिर जाने के चलते आगजनी के कारण रेल सेवाओं को रद्द (Rail Traffic Suspended) करना पड़ा है। स्टेशन पहुंच रहे यात्रियों को पंजाब के नंगल भेजा जा रहा है।
घटना के दौरान भारी बारिश हो रही थी। हाई वोल्टेज लाइन पर पेड़ गिरने से बड़ा धमाका हुआ। उसके बाद आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। रेल अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा कारणों से जिले की रेल सेवाओं को रद्द करने का फैसला लिया। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि शाम तक हाई वोल्टेज लाइन में आए फाल्ट को ठीक करते हुए रेल सेवाओं को बहाल करने में कामयाबी मिलेगी।

शाम तक यातायात बहाली की उम्मीद
गनीमत रही कि घटना के समय कोई भी ट्रेन रुट पर नहीं चल रही थी, अन्यथा एक बड़ा हादसा भी हो सकता था। अब मरम्मत का काम पूरा होने तक दिल्ली से ऊना व ऊना आने वाली अन्य रेल सेवाएं अब नंगल तक ही चलेगी। रेलवे स्टेशन पर अपने गंतव्य के लिए ट्रेन सेवा हासिल करने पहुंचे यात्रियों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। हरियाणा के अंबाला (Ambala) जा रहे यात्रियों ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर माथा टेकने आए थे। ऊना रेलवे स्टेशन अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने शाम तक मरम्मत कार्य के पूरा होने के चलते रेल सेवाओं की बहाली की उम्मीद जताई है।
यह भी पढ़े:हिमाचल में भारी बारिश, भूस्खलन ने 59 रास्ते रोके

