-
Advertisement
हिमाचल की बेटी पुष्पा राणा की कप्तानी में महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड, फाइनल में ईरान को हराया
Asian Games 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया है। हिमाचल प्रदेश की बेटी पुष्पा राणा की कप्तानी में भारत ने रोमांचक और कड़े मुकाबले में ईरान को 37-34 से मात देकर देश को गोल्ड मेडल दिलाया। इस स्वर्णिम जीत में हिमाचल प्रदेश की चार बेटियों—कप्तान पुष्पा राणा, अनुभवी रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर—का विशेष योगदान रहा।
🚨 GOLD FOR INDIA 🚨
India Women's Kabaddi Team have won the Gold Medal at the 2026 Asian Games. 🇮🇳
Congratulations to all the girls for making India proud once again. pic.twitter.com/2xzA0onvkp
— Kabaddi Ultras (@SportsUniv7) September 26, 2026
रोमांचक मुकाबले में ईरान को दी मात
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने बढ़त बनाए रखी। मैच के फर्स्ट हाफ तक भारत 22-16 से आगे था। रेडिंग में पूजा और संजू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंक बटोरे। हालांकि, दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी करते हुए भारतीय टीम को ऑलआउट कर मुकाबले को बेहद रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया। ऑलआउट के बाद कप्तान पुष्पा राणा की अगुवाई में टीम ने बेहद संभलकर खेल दिखाया और अंततः 3 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।
कप्तान पुष्पा राणा का ऐतिहासिक प्रदर्शन
पहली बार एशियन गेम्स में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहीं पुष्पा राणा के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास रहा। उनके नेतृत्व में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए स्वर्ण पदक जीता। टीम में उनका साथ पूर्व कप्तान रितु नेगी ने बखूबी निभाया, जिनके अनुभव का फायदा भारत को दबाव के पलों में मिला।
हिमाचल की चार बेटियों का शानदार योगदान
भारतीय कबड्डी में हिमाचल प्रदेश की बेटियों का दबदबा लगातार कायम है। इस बार एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता टीम में पुष्पा राणा (कप्तान), रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल रहीं।इससे पहले, 2023 एशियन गेम्स में भी रितु नेगी की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने चीनी ताइपे को 26-25 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था। उस टीम में रितु, पुष्पा और ज्योति शामिल थीं। इसके अलावा, 2025 के महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भी हिमाचल की इन खिलाड़ियों ने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत का सफर
भारतीय टीम का सफर पूरे एशियन गेम्स में शानदार रहा। भारत ने ग्रुप चरण में बांग्लादेश, ईरान और जापान को करारी शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी और अब ईरान को हराकर अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्व बचाव किया।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
