-
Advertisement
शिमला में हंगामा: डीसी ऑफिस के बाहर आपस में भिड़े SFI और BJP कार्यकर्ता, पुलिस ने संभाला मोर्चा
SFI and BJP Activists Clash Shimla: शिमला स्थित डीसी ऑफिस के बाहर बुधवार दोपहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और बीजेपी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। एक ही स्थान पर दोनों संगठनों द्वारा प्रदर्शन किए जाने के दौरान देखते ही देखते धक्का-मुक्की और जोरदार झड़प शुरू हो गई।
एक ही जगह प्रदर्शन बना टकराव का कारण
जानकारी के मुताबिक, दोनों संगठन अलग-अलग मुद्दों को लेकर डीसी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए थे, जिसके चलते कार्यकर्ताओं के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। SFI कार्यकर्ता दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित हमले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। संगठन का आरोप है कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी कार्यकर्ता प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना दे रहे थे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।एक ही जगह पर दो विरोधी विचारधाराओं के प्रदर्शन के कारण माहौल अचानक गरमा गया और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस की तत्परता से टला बड़ा विवाद
झड़प शुरू होते ही मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को बीच में आकर अलग किया और एक-दूसरे के करीब आने से रोका।: घटना के तुरंत बाद डीसी कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने दोनों संगठनों के प्रदर्शन को परिसर में अलग-अलग स्थानों पर जारी रखने की व्यवस्था की, जिससे स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। घटना के चलते कुछ समय के लिए पूरे डीसी कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल रहा। हालांकि, पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से किसी बड़े विवाद की नौबत नहीं आई और जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।
संजू चौधरी

