- Advertisement

नयनादेवी में पंजाब के श्रद्धालुओं की गाड़ी हादसे का शिकार,6 लोग थे सवार
Himachal Accident: शक्तिपीठ नयनादेवी में पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। इसी बीच दर्शन कर पंजाब लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रात के समय श्रद्धालुओं की एक इनोवा गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार सभी छह श्रद्धालु सुरक्षित हैं और उन्हें केवल मामूली चोटें आई हैं। हादसे में किसी भी तरह के जानी नुकसान की खबर नहीं है।
टूटी सड़क बनी हादसे का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब से आए श्रद्धालु माता श्री नयनादेवी के दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद वापस पंजाब लौट रहे थे। जब उनकी इनोवा गाड़ी ‘बड़े मोड़’ के समीप पहुँची, तो सड़क का एक हिस्सा टूटा होने के कारण चालक का नियंत्रण गाड़ी से छूट गया। अनियंत्रित होकर वाहन सड़क से काफी नीचे गहराई में जा गिरा।इस दुर्घटना में गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और उसे भारी नुकसान पहुँचा है।
स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्रेन को बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को खाई से बाहर निकाला गया।
सड़क मरम्मत की उठाई माँग
श्रावण माह के चलते क्षेत्र में रोजाना हजारों श्रद्धालुओं की गाड़ियों का आना-जाना लगा रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से माँग की है कि ‘बड़े मोड़’ के पास टूटी सड़क को तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि यहाँ से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सुभाष
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
