-
Advertisement
विक्रमादित्य का बीजेपी पर तंज: प्रधानों के कंधे पर बंदूक रख रहे राजीव बिंदल, दम है, तो खुद चुनाव जीतकर दिखाएं
Vikramaditya Singh: कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हालिया पंचायती राज चुनाव के नतीजों को लेकर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर तीखा हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व सीएम स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती (23 जून) पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।
बीजेपी अध्यक्ष राजीव बिंदल पर साधा निशाना
स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनाव नतीजों पर बीजेपी के दावों को विक्रमादित्य सिंह ने सिरे से खारिज कर दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चुनाव पार्टी चिह्न (सिंबल) पर नहीं लड़े गए थे, इसलिए बीजेपी द्वारा अपने समर्थकों की जीत के आंकड़े पेश करना पूरी तरह बेबुनियाद है। असल में ज्यादातर विजयी उम्मीदवार कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हैं।डॉ. राजीव बिंदल पर तंज कसते हुए विक्रमादित्य ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष के ऐसे दिन आ गए हैं कि उन्हें अब पंचायत प्रधानों के कंधे पर बंदूक रखकर चलानी पड़ रही है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर उनमें दम है, तो वे खुद चुनाव जीतकर दिखाएं।
वीरभद्र सिंह की जयंती पर विशेष आयोजन
छह बार हिमाचल प्रदेश के सीएम रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर शिमला में कई ‘सेवार्थ’ और खेल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग प्रतियोगिता: खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक रिज पर एक दिवसीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता होगी। इसमें भारत सहित 5 मध्य एशियाई (सेंट्रल एशियन) देशों के मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल करेंगे।आम जनता के लिए विशेष मेडिकल चेकअप कैंप भी लगाए जाएंगे।विक्रमादित्य सिंह ने रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा स्थापित करने के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
नीरज भारती हमारे साथी है , बात करेंगे
पूर्व सीपीएस नीरज भारती की नाराजगी को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हमारे साथी है। बात करेंगे चर्चा करेंगे कि क्या कारण है उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया गया….मामले को बैठकर सुलझा देंगे। सब मिलकर कार्य कर रहे है, सबकी अपनी- अपनी जिम्मेदारियां है। सभी प्रयास कर रहे हैं अपने अपने क्षेत्र के कार्यकर्ता को साथ लेकर चलें। कभी कभी कुछ इश्यू हो जाते हैं।
पंजाब में ‘खालसा टैक्स’ विवाद पर दिया जवाब
पंजाब में हिमाचल के वाहनों से वसूले जा रहे कथित ‘खालसा टैक्स’ के मुद्दे पर भी लोक निर्माण मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि इस संवेदनशील मुद्दे को सुलझाने के लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बातचीत करेंगे।विक्रमादित्य ने स्पष्ट किया कि हिमाचल की संवेदनाएं पंजाब के लोगों के साथ हैं और दोनों राज्यों के रिश्ते सौहार्दपूर्ण रहने चाहिए। ऐसे मुद्दों का हल टकराव से नहीं बल्कि आपसी बातचीत से निकाला जाना चाहिए।दोनों राज्यों के बीच लोगों का आपसी संपर्क और आवाजाही लगातार बनी रहती है। इसलिए दोनों सरकारों को बैठकर ऐसा समाधान निकालना चाहिए जिससे आम जनता को कोई परेशानी न हो।
संजू चौधरी

