-
Advertisement
HPU में एबीवीपी और एसएफआई में बीच खू्#नी संघर्ष, कई छात्र हुए घायल, तनाव का माहौल
HPU Student Fight: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में एक बार फिर छात्र राजनीति ने हिंसक रूप ले लिया है। शनिवार सुबह विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं के बीच अचानक खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में दोनों गुटों के कई छात्रों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। इस घटना के बाद से पूरे विश्वविद्यालय परिसर मेंतनाव का माहौल बन गया है।
देखते ही देखते मारपीट में बदली बहस
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय कैंपस में किसी बात को लेकर दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। थोड़ी ही देर में इस बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट की इस घटना में घायल हुए छात्रों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के तुरंत बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और आम छात्रों में डर का माहौल पैदा हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
हिंसक झड़प और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही मामला शांत हो सका। एहतियात के तौर पर विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो।
संघर्ष के कारणों का खुलासा नहीं
फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर मौजूद छात्रों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक इस बात का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है कि इस खूनी संघर्ष के पीछे असल वजह क्या थी। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन दोनों ही इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई। घटना के बाद से विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी कैंपस में शांति बनाए रखने की अपील की है।
संजू चौधरी
