-
Advertisement
रोहतांग में गिरे बर्फ के फाहे, कोकसर में ओलावृष्टि, इस दिन से येलो अलर्ट जारी
शिमला। हिमाचल प्रदेश की लाहौल घाटी में गुरुवार शाम को मौसम ने करवट बदल ली। प्रदेश के रोहतांग दर्रा में गुरुवार शाम हल्की बर्फबारी हुई है। जबकि, कोकसर में ओलावृष्टि हुई है। साथ ही साथ लाहुल की चंद्रघाटी में भी बारिश हुई है, जिससे वहां का मौसम सुहावना हो गया। वहीं, मौसम के बदलते ही वहां पहुंचे सैलानियों ने भी ग्रांफू में जमकर मस्ती की।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में यहां झमाझम बरसे मेघ, ओलावृष्टि भी हुई; रोहतांग दर्रा में गिरे बर्फ के फाहे
बता दें कि बारिश से चंद्रघाटी के किसानों-बागवानों को राहत मिली है। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा के साथ बारालाचा, कुंजुम दर्रा, नीलकंठ और लेडी ऑफ केलांग की चोटियों में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। हालांकि, सामरिक मार्ग मनाली-लेह, ग्रांफू-काजा, उदयपुर-पांगी-किलाड़ और दारचा-शिंकुला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में शुक्रवार से बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग ने 23 मई, 2022 तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने के आसार भी जताए गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 मई, 2022 से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई है। जबकि, 21 मई से 23 मई तक झमाझम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। शुक्रवार से बारिश के आसार होने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र भी गर्मी से तप रहे हैं। गुरुवार को प्रदेशभर में धूप खिली रही।
बता दें कि गुरुवार को शिमला में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 42.6 डिग्री सेल्सिय, बिलासपुर में 38.5 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 38.1 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 37.8 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 36.4 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 35.4 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 35.0 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 34.5 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 23.6 डिग्री सेल्सियस और केलांग में 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शिमला में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 20.5 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 22.0 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 26.0 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 18.3 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 17.2 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 25.1 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 19.2 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 16.0 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 5.8 डिग्री सेल्सियस और केलांग में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…