-
Advertisement
जानें #Himachal_Pradesh में आज से क्या-क्या खुलेगा और कहां रहेगी बंदी
शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) समेत पूरे देश में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच आज यानी 15 अक्टूबर से केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई अनलॉक 5 (Unlock-5) की गाइडलाइन के तहत काफी सारी चीजों को खोलने का निर्णय लिया गया था। हालांकि केंद्र द्वारा इस संबंध में सभी राज्यों सरकारों को इस बात की छूट दी गई थी कि वो अपने प्रदेश कोरोना संक्रमण की मौजूदा स्थित को देखते हुए स्वेच्छा इन चीजों पर निर्णय ले सकते हैं। अब ऐसे में लोगों के मन में इस बात को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं कि हिमाचल प्रदेश में किन-किन चीजों को खोलने की अनुमति दी गई है। ऐसे में सबसे पहले यह जान लेना जरूरी हो जाता है कि केंद्र के आदेशों के अनुसार किन चीजों को आज से खोलने का आदेश दिया गया है।
- राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की सरकारों को चरणबद्ध तरीके से 15 अक्टूबर के बाद स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को फिर से खोले जाने के बारे में निर्णय लेने की छूट दी गई है।
- 15 अक्टूबर से कुछ गतिविधियों की अनुमति दी गई है, जिनमें सिनेमा, थियेटर और मल्टीप्लेक्सों को उनके बैठने की क्षमता के 50 प्रतिशत के साथ खोला जा सकता है और इसके लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की जायेगी।
- मनोरंजन पार्क और इसी तरह के स्थानों को 15 अक्टूबर से खोलने की अनुमति दी जाएगी। इस संबंध में एसओपी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी की जायेगी।
- स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को फिर से खोलने के लिए, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की सरकारें 15 अक्टूबर के बाद क्रमबद्ध तरीके से ऐसा करने का निर्णय ले सकती हैं। स्थिति के आकलन के आधार पर संबंधित स्कूल और संस्थान प्रबंधन के साथ परामर्श करके निर्णय लिया जाएगा और यह कुछ शर्तों के अधीन होगा।
- विज्ञान और प्रौद्योगिकी विषय में पीएचडी और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों को 15 अक्टूबर से खोलने की अनुमति होगी। विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रयोगशाला और प्रायोगिक कार्यों की आवश्यकता होती है।
यह भी पढ़ें: #Delhi वाले यात्री ध्यान दें: सरकार ने अपनी बसों का नहीं खोला रूट; जानें अब कैसे होगी यात्रा
अब केंद्र सरकार ने तो ये सारे नियम बनाकर राज्यों पर निर्णय छोड़ दिया है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में इनमें से क्या-क्या चीजें खुल रही हैं। इनके बारे में हम आपको बताएंगे-
हिमाचल में कब खुलेंगे स्कूल-

हिमाचल प्रदेश में स्कूलों को खोलने के लिए तैयारियां ज़ोरों पर हैं लेकिन सरकार द्वारा अभी तक स्कूलों को खोलने के संबंध में अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। बतौर रिपोर्ट्स, शिक्षकों द्वारा छात्रों की बैठने की व्यवस्था के लिए माइक्रो-प्लान तैयार हो जाने के बाद प्रदेश सरकार इस संबंध में कोई निर्णय लेगी।
हिमाचल में कब खुलेंगे सिनेमाघर-

सारी अटकलों को समाप्त करने वाला सरकारी ऑर्डर जारी हो गया है। दरअसल, डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति के कार्यालय से बुधवार देर शाम को एक ऑर्डर जारी कर बताया गया है कि हिमाचल प्रदेश में सिनेमा, थियेटर और मल्टीप्लेक्सों को 15 अक्टूबर से खोलने की अनुमति दे दी गई है। इस आदेश में बताया गया है कि कंटेनमेंट के बाहर मौजूद सिनेमा, थियेटर और मल्टीप्लेक्सों को अब से खोला जा सकेगा। आदेश में आगे लिखा गया है कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी की गई एसओपी का पालन करते हुए सिनेमा, थियेटर और मल्टीप्लेक्सों को उनके बैठने की क्षमता के 50 प्रतिशत के साथ खोला जाएगा।
कोचिंग के संबंध में हुआ क्या फैसला-

अब तक सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 15 अक्टूबर से कोचिंग क्लासेस का संचालन शुरू हो जाएगा। ऊना जिले से सामने आ रही कोचिंग खुलने की खबरों के बीच डीसी संदीप कुमार ने बताया कि कोचिंग संस्थान संचालकों को कोविड-19 ( COVID-19)संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर जारी हिदायतों की अनुपालना सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों में पूर्ण रूप से स्वस्थ विद्यार्थियों को आने की अनुमति होगी। सभी को मास्क अथवा फेस कवर का प्रयोग करने के साथ-साथ अपने स्मार्टफोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड( Arogya Setu app download) करनी होगी। इसके अलावा निर्धारित सामाजिक दूरी भी बनाए रखनी होगी। संचालक को संस्थान परिसर को रोजाना कोचिंग क्लास के पूर्व एवं बाद में सैनिटाइजेशन करना होगी तथा थर्मल स्कैनिंग व हाथ धोने की व्यवस्था करनी होगी।

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whatsapp Group

